फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हत्यारी मंगेतर: शादी के लिए दो प्राइवेट जेट, 17 करोड़ में महल की बुकिंग, प्रेमी के लिए सिया ने केतन को दी मौत

Tue, 23 Jun 2026 05:24 PM IST
राकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पुणे।

सार

एक तरफ शहनाई की तैयारियां चल रही थीं, दूसरी तरफ मौत की पटकथा लिखी जा रही थी। केतन अग्रवाल अपनी होने वाली दुल्हन के साथ भविष्य के सपने संजो रहा था, लेकिन पर्दे के पीछे एक ऐसी साजिश पक रही थी, जिसका अंत 350 फीट गहरी खाई में हुआ। लोहागढ़ फोर्ट की यह कहानी सिर्फ एक कथित हत्या की नहीं, बल्कि प्यार, विश्वासघात और छल की ऐसी दास्तान है जिसने पिछले साल के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की यादें ताजा कर दी हैं। 
विज्ञापन
केतन हत्याकांड - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

18 जून 2026 की एक धुंधली शाम। लोहागढ़ फोर्ट की चोटियों पर हवाएं तेज थीं। 26 साल का केतन अग्रवाल मुस्कुरा रहा था। जल्द उदयपुर के आलीशान पैलेस में उसकी शहनाई बजने वाली थी। शादी से ठीक पहले वह अपनी मंगेतर सिया गोयल का जन्मदिन मनाने और प्री-वेडिंग फोटोशूट कराने यहां आया था। कैमरे क्लिक हो रहे थे। केतन मुस्कुराते हुए खाई की तरफ बढ़ा। अचानक एक जोरदार धक्का लगा। हवा में एक चीख गूंजी। केतन संभल पाता, उससे पहले वह 350 फीट गहरी खौफनाक खाई के सन्नाटे में विलीन हो चुका था। 
विज्ञापन




शुरुआत में लगा कि यह सिर्फ एक दर्दनाक हादसा है। लेकिन जब पुलिस ने जांच की परतें खोलीं, तो पीछे एक ऐसी ठंडे दिमाग से बुनी गई मर्डर मिस्ट्री निकली, जिसने पूरे देश के होश उड़ा दिए। इस खौफनाक वारदात ने ठीक 13 महीने पहले, मई-जून 2025 में हुए मेघालय के कुख्यात 'राजा रघुवंशी हत्याकांड' की यादें ताजा कर दी हैं।
विज्ञापन


पासपोर्ट फाड़ा, सांप से डराया
20 साल की सिया गोयल इस शादी से खुश नहीं थी। वह अपने 22 साल के प्रेमी चेतन चौधरी के प्यार में पागल थी। केतन उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा कांटा था। इस कांटे को निकालने के लिए सिया ने एक ऐसा चक्रव्यूह रचा जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं।

केतन ने शादी से पहले सिया के लिए एक बेहद रोमांटिक बाली ट्रिप प्लान की थी। लेकिन सिया वहां नहीं, केतन को मौत के घाट पर ले जाना चाहती थी। दावा किया जाता है कि रास्ते में एक होटल के वॉशरुम में उसने चुपके से अपना ही पासपोर्ट फाड़कर फ्लश कर दिया। बाहर आकर रोने का नाटक किया कि पासपोर्ट खो गया है। बाली ट्रिप कैंसिल हो गई। प्लान के मुताबिक, अब केतन को लोहागढ़ फोर्ट लाया गया।

14 जून को ही था निपटाने का प्लान
जांच में खुलासा हुआ कि यह हत्या की पहली कोशिश नहीं थी। इससे पहले 14 जून को भी वे केतन को इसी फोर्ट पर लाए थे। तब उन्होंने अचानक एक सांप का डर दिखाकर केतन को खाई में गिराने की कोशिश की थी। लेकिन उस दिन किस्मत केतन के साथ थी, वह बाल-बाल बच गया। मगर कातिल हार मानने वाले नहीं थे। 

शादी के लिए बुक किया था 17 करोड़ में महल
केतन, महाराष्ट्र के पुणे के पास पिंपरी-चिंचवड़ के जाने-माने कंस्ट्रक्शन बिजनेसमैन विशाल अग्रवाल के बेटे थे। उनकी शादी राजस्थान के उदयपुर में नवंबर में होनी थी। सूत्रों के मुताबिक, शादी के लिए दोनों के परिवारों ने जयपुर में एक महल 17 करोड़ रुपये में बुक किया था और मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो प्राइवेट प्लेन का इंतजाम किया था। तैयारियां जोरों पर थीं। एक रिश्तेदार ने कहा, 'परिवार खुश थे। यह घटना दोनों परिवारों के लिए एक बहुत बड़ा सदमा है।'

पुलिस ने क्या कहा? 
पुलिस के मुताबिक, केतन की मंगेतर सिया गोयल उनसे शादी नहीं करना चाहती थीं। आरोप है कि उन्होंने केतन से छुटकारा पाने की योजना बनाई और अपने प्रेमी की मदद ली। वह अपने जन्मदिन पर केतन को ट्रेकिंग के लिए लोहागढ़ ले गईं। मौका मिलते ही, उन्होंने कथित तौर पर चेतन की मदद से केतन को एक गहरी घाटी में धक्का दे दिया।

एसएसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि सिया चेतन से प्यार करती थीं और दोनों साथ काम करते थे। जांच में हमें पता चला कि चेतन भी घटना वाली जगह पर मौजूद था और दोनों आरोपियों ने केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच चल रही है। आरोपी हिरासत में हैं।

केतन के पिता ने क्या-क्या? 
दूसरी ओर केतन अग्रवाल के पिता ने कहा कि सिया गोयल और केतन अग्रवाल सगाई फरवरी में हुई थी। वे छह तारीख को बाली जा रहे थे, चार लोग एक साथ बाली जा रहे थे, लेकिन सिर्फ केतन का पासपोर्ट चोरी हो गया। इस वजह से वह जा नहीं पाए और उन्हें एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा।

उन्होंने आगे कहा कि चेतन चौधरी दो-पहिया वाहन से लोहागढ़ किले पर पहुंचे। वे दोनों एक साथ ऊपर गए, केतन विशाल अग्रवाल पर किसी चीज से हमला किया और उन्हें ऊपर से नीचे फेंक दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने बहुत मदद की और मामले को बहुत तेजी से सुलझाया। स्थानीय ग्रामीण एसपी, संदीप सिंह गिल ने बहुत अच्छा सहयोग दिया; उन्होंने तुरंत हमें जानकारी दी और दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया। चेतन चौधरी को कल रात गिरफ्तार किया गया और सिया को आज सुबह गिरफ्तार किया गया। अब उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है। 

केतन के पिता ने यह भी कहा कि अगर वह शादी नहीं करना चाहती थी, तो वह बस मना कर सकती थी; हम तुरंत शादी रद्द कर देते। उन्होंने इतना बड़ा और खतरनाक कदम उठाने का फैसला क्यों किया? उनकी सोच कैसी है? उनकी सोच इतनी क्रूर है कि किसी के 26 साल के बेटे की जान ले ली गई...समाज को ऐसी क्रूर सोच पर ध्यान देने की ज़रूरत है। यह सोच कहां से आती है, उनके परिवार से, उनकी परवरिश से? 

केतन की हत्या के बाद मंगेतर सिया का भावुक पोस्ट
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि केतन की मौत की खबर सामने आने के बाद, उसकी मंगेतर सिया ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर किया है। सिया का यह इंस्टाग्राम स्टेटस अब पुलिस की तफ्तीश का हिस्सा बन चुका है और पुलिस ने इसका स्क्रीनशॉट अपनी जांच में शामिल कर लिया है।

सिया ने लिखा, 'तुमने मुझे मेरे जन्मदिन के दिन ही छोड़ दिया। तुम तब गए जब हम शादी करने के बेहद करीब थे। मुझे अभी तक समझ नहीं आ रहा कि तुमने मेरे साथ ऐसा क्यों किया। मेरे कुछ सपने थे, कुछ ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब मुझे कभी नहीं मिलेंगे। जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी, तो मुझे छोड़कर क्यों चले गए? भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे।'

सिया ने इस पोस्ट के आखिर में हिंदी में एक बेहद दर्दभरी लाइन भी लिखी, 'मेरे दिल को पता है कि तू यही है। वापस आजा।' पुलिस अब इस पोस्ट और वीडियो के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: जानकी दास हत्याकांड: सांबा से खाली हाथ लौटी चंडीगढ़ पुलिस, जम्मू पुलिस ने आरोपी अमित को साैंपने से किया इनकार


चेरापुंजी का वो खौफनाक 'हनीमून डेथ ट्रैप'
केतन अग्रवाल की मौत का यह खौफनाक पैटर्न कोई नया नहीं था। ठीक 13 महीने पहले, यानी 23 मई 2025 को मेघालय के चेरापुंजी (सोहरा) में भी मौत का ऐसा ही खूनी खेल खेला गया था। इंदौर के रहने वाले 29 वर्षीय ट्रांसपोर्ट बिजनेसमैन राजा रघुवंशी की शादी 11 मई 2025 को सोनम रघुवंशी से हुई थी। शादी के महज 9 दिन बाद, 20 मई को दोनों हनीमून के लिए मेघालय की खूबसूरत वादियों में रवाना हुए। राजा को क्या पता था कि जिस पत्नी का हाथ पकड़कर वह घूम रहा है, वो उसकी मौत का वारंट साइन कर चुकी है।
विज्ञापन


23 मई को चेरापुंजी के घने जंगलों में ट्रैकिंग के दौरान राजा अचानक गायब हो गया। 2 जून 2025 को जब एनडीआरएफ के ड्रोन कैमरों ने चेरापुंजी के मशहूर 'वेई सावदोंग फॉल्स' की गहरी खाइयों को खंगाला, तो वहां राजा का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मेघालय पुलिस की एसआईटी ने जब जांच शुरू की, तो रूह कंपाने वाला सच सामने आया। पत्नी सोनम अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ रहना चाहती थी। उसने बाकायदा भाड़े के हत्यारों को सुपारी दी थी और हनीमून ट्रिप के दौरान ही राजा को गहरी घाटी में फिंकवा दिया था।

लेकिन कातिल ये भूल गए कि डिजिटल युग में इंसान झूठ बोल सकता है, मोबाइल और नेटवर्क के सिग्नल्स नहीं। पुलिस की साइबर विंग ने जब दोनों ही मामलों में मंगेतर और पत्नी के मोबाइल रिकॉर्ड्स, व्हाट्सएप चैट, लोकेशन हिस्ट्री और कॉल डिटेल्स को खंगाला, तो सस्पेंस की सारी दीवारें ढह गईं। सोशल मीडिया के डिजिटल फुटप्रिंट्स ने दोनों ही मामलों में कातिल हसीनाओं और उनके प्रेमियों का चेहरा बेनकाब कर दिया। आज दोनों सलाखों के पीछे अपने अंजाम का इंतजार कर रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें