दलालों को बाहर करने के लिए, रेलवे टिकट बुकिंग आईआरसीटीसी वेबसाइट पर यात्रियों की लॉगिन जानकारी को आधार, पैन और पासपोर्ट जैसे पहचान दस्तावेज से जोड़ने पर काम रहा है। यह बात रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) के महानिदेशक अरुण कुमार ने शुक्रवार को कही।
कुमार ने कहा कि लोगों की सूचनाओं के आधार पर दलालों के खिलाफ अभी कार्रवाई की जाती है जिसका जमीनी स्तर पर कम या बिल्कुल असर नहीं होता है। इस पर नियंत्रण के लिए हम कोशिश कर रहे हैं।
हमने आधार प्राधिकरण के साथ अपना काम लगभग खत्म कर लिया और ऐसा ही हम अन्य पहचान कार्डों के साथ कर रहे हैं। जैसे ही सितंबर तैयार होगा, हम इसका इस्तेमाल करना शुरू कर देंगे।
उन्होंने कहा कि दलालों के खिलाफ अक्तूबर-नवंबर 2019 में कार्रवाई शुरू की गई थी और गैरकानूनी सॉफ्टवेयर के खिलाफ दिसंबर 2019 में कार्रवाई प्रारंभ हुई। मई 2021 तक 14,257 दलालों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही 28.34 करोड़ कीमत की टिकटें जब्त की गई हैं।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सुरक्षा संबंधित शिकायत सरकारी रेलवे पुलिस और आरपीएफ के पास दर्ज कराने के लिए यात्रियों के लिए रेल सुरक्षा एप तैयार किया गया है। हम 6049 रेलवे स्टेशनों और सभी यात्री ट्रेन कोचों में सीसीटीवी के लिए एक निगरानी और प्रतिक्रिया तंत्र विकसित कर रहे हैं।