छत्तीसगढ़ के रायपुर को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसकी सीमाएं नौ से 19 अप्रैल को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक सील रहेंगी। इन 10 दिनों के लिए केवल आवश्यक सेवाओं की अनुमति दी जाएगी और परीक्षा में बैठने वाले छात्र प्रतिबंधों से परे होंगे। केंद्र सरकार, राज्य सरकार, अर्ध-सरकारी, साथ ही निजी कार्यालय और बैंक के कार्यालय बंद रहेंगे। इधर, छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पहले ही नौ दिनों का सख्त लॉकडाउन लागू है जो छह अप्रैल से शुरू हुआ था।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि भोपाल सहित मध्यप्रदेश के सभी शहरों में आज यानी शुक्रवार शाम छह बजे से 60 घंटे तक लॉकडाउन लागू रहेगा। बता दें, मध्यप्रदेश के कई जिले पहले से ही रविवार को लॉकडाउन कर रहे थे, लेकिन इस सप्ताहांत राज्य के सभी शहरी क्षेत्रों में सख्त प्रतिबंध होंगे।
दिल्ली, नोएडा, चंडीगढ़, गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, ओडिशा के सुंदरगढ़, बरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, बलांगीर, नुआपाड़ा, कालाहांडी, मलकानगिरी, कोरापुट और नबरंगपुर, राजस्थान के जयपुर, उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज में पहले से ही रात्रि कर्फ्यू लागू है।
बंगलूरू में 10 अप्रैल से नाइट कर्फ्यू
मैसूर, मंगलुरू, कलबुर्गी, बीदर, तुमकुर, उडुपी और मणिपाल सहित कर्नाटक के अन्य जिलों के साथ बंगलूरू में 10 अप्रैल से रात्रि कर्फ्यू लागू रहेगा।