एक देश... एक टैक्स... एक बाजार का सपना पूरा हुआ। रात 12 बजते ही पूरा देश 70 साल से चली आ रही टैक्स प्रणाली से मुक्त होकर जीएसटी युग में पहुंच गया। संसद का सेंट्रल हॉल इस क्रांतिकारी बदलाव का गवाह बना और शुक्रवार आधी रात के बाद तक कार्यक्रमों से गुलजार रहा।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के बाद घंटा बजाकर जीएसटी युग का ऐलान हुआ। इसके साथ ही सेंट्रल एक्साइज, स्टेट एक्साइज, सर्विस, वैट, सेनवैट, कस्टम, चुंगी, एंट्री टैक्स, लग्जरी जैसे डेढ़ दर्जन टैक्स खत्म हो गए और उनकी जगह 5, 12, 18 और 28 फीसदी की जीएसटी लागू हो गई।
शुक्रवार रात 10:45 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रपति प्रणब, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मोदी, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, वित्तमंत्री अरुण जेटली समेत दोनों सदनों के सदस्य जुटे। जीएसटी के ब्रांड एंबेसेडर अमिताभ बच्चन, स्वर कोकिला लता मंगेशकर समेत सार्वजनिक जीवन की 100 से ज्यादा हस्तियां भी इस पल का गवाह बनीं।