तीन चरणों की तरह ही चौथे चरण के चुनाव में भी मतदाताओं ने वोटों की बारिश कर दी। 12 जिलों की 53 सीटों के लिए बृहस्पतिवार को हुए मतदान में 60.37 फीसदी मतदान हुआ। ललितपुर में सबसे अधिक 71.44 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि सबसे कम 54.48 फीसदी मतदान इलाहाबाद में हुआ। तीन चरण शांति से निपटने के बाद चौथे चरण में महोबा जिले में फायरिंग और मारपीट की घटना हो गई।
महोबा में आधी रात को पैसा बांटने के शक के चलते दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से हुई फायरिंग में तीन व्यक्ति घायल हो गए। इस घटना में सपा प्रत्याशी के बेटे साकेत साहू और तारिक गोली लगने से घायल हो गए। घायलों में निर्दलीय प्रत्याशी लाला भइया भी शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद लाला भइया व तारिक को लखनऊ जबकि साकेत साहू को कानपुर रेफर किया गया। एडीजी कानून व्यवस्था दलजीत चौधरी ने बताया कि इस घटना में एसओ कोतवाली जगदेव प्रसाद यादव व चौकी इंचार्ज बजरिया अखंड कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है।
वहीं, रायबरेली के ऊंचाहार में बूथ पर पुलिस कर्मी द्वारा एक राजनीतिक दल के पक्ष में मतदान कराने के आरोप को लेकर झड़प हो गई। हंगामे के चलते कुछ देर तक यहां मतदान भी प्रभावित रहा। इसी तरह प्रतापगढ़ में बसपा और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई। रायबरेली में ईवीएम खराब होने और बदलने में देरी को लेकर लाइन में खड़े मतदाताओं ने हंगामा किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश कहते हैं कि महोबा में मतदान से पहले घटना हुई। इस घटना के बावजूद वहां रिकॉर्ड 65 फीसदी मतदान हुआ जबकि 2012 में यहां 62 फीसदी ही मतदान हुआ था। उन्होंने कहा कि मारपीट की जो भी घटनाएं हुई हैं वह मतदान केंद्रों के बाहर हुई हैं। इससे किसी भी जगह मतदान प्रभावित नहीं हुआ। कुल मिलाकर 12 जिलों की सभी 53 सीटों पर मतदान शांतिपूर्वक रहा। अभी तक किसी भी स्थान से पुनर्मतदान कराने की रिपोर्ट नहीं मिली है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला सुबह सात बजे आरओ की रिपोर्ट के बाद ही होगा।