छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पीएम मोदी ने आंबेडकर जयंती के मौके पर आयुष्मान भारत योजना लॉन्च की है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वह छत्तीसगढ़ के वीरों को नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने दलितों के लिए जीवन समर्पित कर दिया। उनकी योजनाओं से देश को प्रगति मिली।
पीएम मोदी ने कहा कि वह बीजापुर के लोगों में विश्वास जगाने आये हैं। 14 अप्रैल का आज का दिन देश के सवा सौ करोड़ लोगों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। आज भारत रत्न बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जन्म जयंती है। आज के दिन आप सभी के बीच आकर आशीर्वाद लेने का अवसर मिलना, मेरे लिए बहुत सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि विकास की दौड़ में पीछे छूट गए और पीछे छोड़ दिए गए समुदायों में आज जो चेतना जागी है, वो चेतना बाबा साहब की ही देन है। एक गरीब मां का बेटा, पिछड़े समाज से आने वाला आपका ये भाई अगर आज देश का प्रधानमंत्री है, तो ये भी बाबा साहेब की ही देन है।
पीएम ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद, इतने वर्षों में भी ये जिले पिछड़े बने रहे, इसमें उनकी कोई गलती नहीं। बाबा साहेब के संविधान ने इतने अवसर दिए, आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया, लेकिन फिर भी बीजापुर जैसे जिले, विकास की दौड़ में पीछे क्यों छूट गए?
क्या इन जिलों में रहने वाली माताओं को ये अधिकार नहीं था, कि उनके बच्चे भी स्वस्थ हों, उनमें खून की कमी न हो, उनकी ऊँचाई ठीक से बढ़े? क्या इन जिलों के लोगों ने देश से ये आशा नहीं रखी थी उन्हें भी विकास में साझीदार बनाया जाए?
पीएम ने कहा कि मैं आज इसलिए आया हूं, ताकि आपको बता सकूं, कि जिनके नाम के साथ पिछड़ा जिला होने का लेबल लगा दिया गया है, उनमें अब नए सिरे से, नई सोच के साथ बड़े पैमाने पर काम होने जा रहा है। मैं इन 115 आकांक्षात्मक जिले को सिर्फ आकांक्षी नहीं, महत्वाकांक्षी जिले कहना चाहता हूं।
तीन महीने का हमारा अनुभव कहता है कि अगर जिले के सभी लोग, जिले का प्रशासन, जिले के जन प्रतिनिधि, हर गली-मोहल्ला,गांव, इस अभियान में साथ आ जाए, एक जनआंदोलन की तरह हम सब इसमें योगदान करें, तो वो काम हो सकता है, जो पिछले 70 वर्षों में नहीं हुआ।
पीएम ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के पहले चरण को शुरू किया गया है जिसमें प्राथमिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों में बड़े बदलाव लाने का प्रयास किया जाएगा। देश की हर बड़ी पंचायत में, लगभग डेढ़ लाख जगहों पर सब सेंटर और प्राइमरी हेल्थ सेंटर्स को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा।