प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिर्जापुर ने मिर्जापुर में बाणसागर नहर परियोजना को देश को समर्पित किया। इसके अलावा उन्होंने मिर्जापुर मेडिकल कॉलेज की नींव रखी, 100 पीएम जन औषधि केंद्र और गंगा के ऊपर बने पुल का उद्घाटन किया। इन सभी परियोजनाएं की लागत 35 करोड़ रुपए है। उन्होंने यहां किसानों की बात करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अपने वादे को पूरा किया है। उन्होंने विपक्ष और पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा।
पीएम ने मिर्जापुर को लेकर कहा कि यह क्षेत्र हमेशा से संभावनाओं का केंद्र रहा है। भाषण की शुरुआत भोजपुरी में करते हुए उन्होंने कहा, 'आज इतना भीड़ देखी के हमका विश्वास हुई गवा कि माई की कृपा हम पर बना बा और आप लोगन की कृपा से आगे भी ऐसी ही बना रहे।' विकास को लेकर उन्होंने कहा, 'यूपी में विकास दिखाई देने लगा है। पिछली बार मैं जब यहां सोलर प्लांट का उद्घाटन करने आया था तो मेरे साथ फ्रांस के राष्ट्रपति भी थे। उस समय हम दोनों का स्वागत माता की तस्वीर और चुनरी के साथ किया गया। इससे राष्ट्रपति मैक्रों भी बहुत खुश थे। जब मैंने उनको मां की महिमा के बारे में बताया तो वो और प्रभावित हुए थे।'
पिछले दो दिन के दौरान विकास परियोजनाओं को लेकर पीएम मोदी ने कहा, 'पिछले 2 दिनों में विकास की अनेक योजनाओं को पूर्वांचल की जनता को समर्पित करने या फिर नए काम शुरु करने का अवसर मुझे मिला है। इस क्षेत्र के लिए, यहां के गरीब, वंचित, शोषित के लिए जो सपने सोनेलाल पटेलजी जैसे कर्मशील लोगों ने देखे, उनको पूरा करने की तरफ हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। जब से योगी जी की अगुवाई में सरकार बनी है, तब से पूर्वांचल और पूरे यूपी के विकास की जो गति बढ़ी है, उसके परिणाम आज नजर आने लगे हैं। लगभग 3,500 करोड़ की बाण सागर परियोजना से सिर्फ मिर्जापुर ही नहीं बल्कि इलाहाबाद समेत इस पूरे क्षेत्र की 1.5 लाख हेक्टेयर जमीन को सिंचाई की सुविधा मिलने जा रही।'
अपनी सरकार की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'भाजपा और एनडीए की सरकार सत्ता में आने के बाद से पूर्वांचल में विकास हुआ है। पिछली सरकारें अधूरे प्रोजेक्ट लेकर आती थीं और उन्हें बीच में रोक देती थीं। इन सबका शिकार आप लोगों को होना पड़ा। यदि इन परियोजनाओं को पहले पूरा कर लिया जाता तो आपको दो दशक पहले इसका लाभ मिल जाता।'
विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, 'अगर बाण सागर प्रोजेक्ट पहले पूरा हो जाता, तो जो लाभ अब आपको मिलेगा, वो पहले से मिलने लगता। बाण सागर परियोजना को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत जोड़ा गया और इसे पूरा करने के लिए सारी ऊर्जा लगा दी गई। पूर्वांचल का विकास हमारी प्रतिबद्धता है। बाण सागर परियोजना उस अपूर्ण सोच, सीमित इच्छाशक्ति का भी उदाहरण है जिसकी एक बहुत बड़ी कीमत आप सभी को चुकानी पड़ी है। जो लोग आजकल किसानों के लिए घड़ियाली आंसू बहाते हैं, उनसे आपको पूछना चाहिए कि आखिर क्यों उन्हें अपने शासन काल में देश भर में फैली इस तरह की अधूरी सिंचाई परियोजनाएं नहीं दिखाई दीं? पिछली सरकार ने कभी किसानों की चिंता नहीं की। जो लोग किसानों के नाम पर राजनीति कर रहे हैं उनके पास न्यूनतम समर्थन मूल्य की कीमत को बढ़ाने का समय नहीं था।'
पूर्व की सरकार को आड़े हाथ लेते हुए पीएम मोदी बोले, 'जो लोग किसानों के नाम पर राजनीति कर रहे हैं उनके पास न्यूनतम समर्थन मूल्य की कीमत को बढ़ाने का समय नहीं था। सस्ती और बेहतर स्वास्थ सेवा गरीब से गरीब को सुलभ कराना भी इस सरकार का एक बड़ा संकल्प है। यहां बनने वाले नए मेडिकल कॉलेज से ना सिर्फ मिर्जापुर बल्कि सोनभद्र, भदोही, चंदौली और इलाहाबाद के लोगों को भी बड़ा लाभ मिलने वाला है।'
पीएम ने कहा, 'हम अमीर और गरीब के बीच की खाई को कम करना चाहते हैं। इसका परिणाम जल्द ही आपको दिखने लगेगा। गरीब अब आपकी आंखों में आंखे डालकर विश्वास से देख सकता है। आज यहां 100 जन औषधि केंद्रों का भी लोकार्पण किया गया है। ये जन औषधि केंद्र गरीब, निम्न मध्यम वर्ग का बहुत-बड़ा सहारा बन रहे हैं। इन केंद्रों में 700 से अधिक दवाइयां और डेढ़ सौ से अधिक सर्जरी के सामान सस्ते दाम पर उपलब्ध हैं।'