आपने अक्सर शराब के कुओं की कहानियां तो सुनी होंगी लेकिन क्या आपने कभी अपने किचन के किसी नल से शराब निकलते हुए देखी है। शायद नहीं लेकिन केरल के त्रिशूर जिले में ऐसा हकीकत में हुआ। त्रिशूर के चलाकुडी कस्बे में स्थित सोलोमोन एवेन्यू अपार्टमेंट में रहने वाले लोग उस समय आश्चर्यचकित रह गए जब उन्होंने अपने किचन का नल खोला।
सबसे पहले जोशी मलियेक्कल को पानी में शराब होने का पता चला था। उन्होंने बताया कि उन्हें लगा पानी के पाइप में कुछ गड़बड़ी है। जोशी कहते हैं कि मैंने रविवार को जैसे ही पानी के टैंक को भरने के लिए पंप चलाया तो पानी का रंग देखकर डर गया। पानी से आने वाली गंध और स्वाद से इसकी पुष्टि हो गई कि इसमें शराब मिली है।
जोशी ने बताया कि परिसर में रहने वाले 18 परिवारों को भी जब यही अनुभव हुआ तो उन्होंने चालकुडी नगर निगम को इसकी जानकारी दी। वार्ड के काउंसलर वीजे जोजी ने कहा कि प्रभावित परिवारों के पानी के लिए वैकल्पिक इंतजाम किया गया है। उन्होंने बताया कि यह परिवार कई साल से दूषित पानी पी रहे थे। पानी के लिए यही उनका स्रोत है।