पत्नी की हत्या के आरोप में उम्रकैद की सजा काट रहा नेवी का एक अफसर अब जेल में योग गुरु बन गया है। रोजाना सुबह वह डेढ़ सौ बंदियों को जेल में योग सिखाता है। न केवल योग बल्कि वह शिक्षित होने की तमन्ना रखने वाले बंदियों को शिक्षा भी दे रहा है। जिससे की वह लोग अपना जीवन संवार सकें।
सैदपुर गांव जिला अमरोहा निवासी देवेंद्र चौधरी एमए पास है। वह नेवी में सीपीओ के पद पर कार्यरत था, जवानों को फिजिकल फिटनेस की ट्रेनिंग देने का काम करता था। केरल में उसकी तैनाती थी। शादी के सात माह बाद ही उसकी पत्नी सरिता निवासी गजरौला की अमरोहा में हत्या कर दी गई थी, उस वक्त देवेंद्र भी पत्नी के साथ था। उसने बताया था कि सड़क हादसे में पत्नी की मौत हुई है। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
शक होने पर ससुराल वालों ने करीब छह साल बाद न्यायालय में अर्जी देकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें देवेंद्र के परिवार के अन्य लोग भी आरोपी थे। 2015 में इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट से सजा सुनाई गई, जिसमें देवेंद्र को पत्नी की हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के लिए शव का अंतिम संस्कार बिना पोस्टमार्टम के करवा दिए जाने का आरोपी माना गया।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक एसएचएम रिजवी ने बताया कि पत्नी की हत्या के आरोप में उम्र कैद की सजा मिलने के बाद जेल में बंद देवेंद्र चौधरी पहले गुमसुम रहता था लेकिन वह अब दोबारा से फिजिकल फिटनेस की ट्रेनिंग देना शुरू कर चुका है। जेल के अंदर बंदियों को रोजाना योग सिखाया जाता है। योग देवेंद्र चौधरी ही सिखाता है। वह अच्छा योग गुरु है। देवेंद्र एमए पास होने के कारण जेल में बंदियों को शिक्षित करने का काम भी कर रहा है। करीब 50 बंदी उससे शिक्षा लेते हैं।