मुंबई का बी-वार्ड ब्रह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का सबसे छोटा प्रशासनिक वार्ड है। 2.84 वर्ग किमी में फैली ये एक ऐसी जगह जहां 1.28 लाख लोग रहते हैं। इस एन्कलेव में मोहम्मद अली रोड और डोंगरी जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके आते हैं। यहां अवैध निर्माण अधिक मात्रा में हो रहा है। बता दें डोंगरी वही इलाका है, जहां मंगलवार को एक चार मंजिला इमारत गिरी है, जिसमें अभी तक 14 लोगों की मौत हो गई है।
एक अधिकारी का कहना है कि बीएमसी वार्ड स्टाफ और पुलिस तक भू माफियाओं से काफी परेशान हैं। उनका कहना है, "यहां बहुत भाईगिरी है।" इस इलाके में हिंसा की आशंका बनी रहती है, यहां दाऊद इब्राहिम के गिरोह का असर साफ देखा जा सकता है। मंगलवार को भी फोटोग्राफर और मीडिया के लोगों ने इस बात की शिकायत की थी कि उनके साथ निवासियों के समूहों ने धक्का मुक्की और बदत्तमीजी की है।
अपनी पहचान ना बताने की शर्त पर इस वार्ड के पूर्व कॉर्पोरेटर ने बताया कि बिना किसी मंजूरी के यहां 10 से लेकर 18 मंजिल तक की इमारतें बनाई जा रही हैं। उन्हें बनाए जाने की गुणवत्ता बेहद बेकार है। ऐसा इसलिए क्योंकि बाजार की कीमत से काफी कम कीमत पर भू माफिया खराब सामान बेचते हैं। जहां इमारत गिरी है, उससे कुछ ही दूरी पर एक और अवैध इमारत बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि बीते पांच सालों में यहां 30 से 40 अवैध इमारतें बनी हैं।