पीएम मोदी को भेजा गया खून से लिखा पत्र।
- फोटो : PTI
लोक सेवा आयोग की भर्तियों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रतियोगियों ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह को रक्त से पत्र लिखा। कुल 51 प्रतियोगियों ने डाक से इन दोनों नेताओं को पत्र भेजा। उनमें सबसे अधिक गुस्सा गृहमंत्री को लेकर रहा। सुभाष चौराहे पर जुटे प्रतियोगियों का कहना था कि गृहमंत्री ने दो साल पहले युवाओं से आयोग की भर्तियों की सीबीआई जांच का वादा किया था।
राजनाथ अब वादा पूरा करने के लिए सकारात्मक कदम उठाएं। मांग नहीं माने जाने पर उन्होंने दोनों नेताओं के कार्यक्रम के विरोध के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में भी भाजपा के खिलाफ अभियान चलाने की घोषणा की।
आयोग की भर्तियों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रतियोगी लंबे समय से आंदोलनरत हैं। हाईकोर्ट में उन्होंने याचिका भी दाखिल कर रखी है। प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के बैनर तले सुभाष चौराहा पर एकत्रित युवाओं का कहना था कि राजनाथ सिंह ने दो साल पहले वादा किया था कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो आयोग में व्याप्त अनियमितता और भर्तियों की सीबीआई जांच कराई जाएगी।
उनका कहना था कि यदि भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान उनकी मांग पर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वे गृहमंत्री और भाजपा के खिलाफ अभियान चलाएंगे। खून से पत्र लिखने वालों में सावन कुमार दुबे, हाशिम रिजवी, प्रथम श्रीवास्तव, अवनीश पांडेय, बंटी सिंह, अमलेंदु सिंह आदि शामिल रहे।