पिछले दिनों मुंबई के एक रिहायशी इलाके में तेंदुए के घुसने से हड़कंप मच गया। हालांकि तेंदुआ किसी को नुकसान पहुंचाए बगैर ही वापस चला गया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
मुंबई के गोरेगांव इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक हाउसिंग सोसाइटी में तेंदुआ घुस गया। सोसाइटी में तेंदुए आने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। हालांकि कुछ समय बाद तेंदुआ खुद ही बाहर निकल गया। यह घटना गोरेगांव के बिंबिसार नगर की ग्रीन व्यू सोसाइटी की है। सोसाइटी में शुक्रवार सुबह 5 बजे एक व्यक्ति दूध देने पहुंचा। उसने सोसाइटी में तेंदुए को घूमते हुए देखा। उसने इसकी सूचना वहां के चौकीदार को दी।
विज्ञापन
चौकीदार ने तेंदुए की सूचना सोसायटी के सेक्रेटरी को दी। सेक्रेटरी ने सोसाइटी में रहने वाले सभी लोगों को बिल्डिंग से बाहर नहीं आने की अपील की। वहीं सचिव ने वन विभाग को भी इसकी सूचना दी। हालांकि इस दौरान तेंदुआ वहां से चला गया और किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। समाचार एजेंसी एएनआई ने तेंदुए का वीडियो जारी किया है। वीडियो को अभी तक हजारों लोग देख चुके हैं। सोशल मीडिया पर भी वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसपर प्रतिक्रिया दे रहे हैं कि जानवरों की रहने की जगह पर बड़ी-बड़ी इमारतें बना दी गई है..ऐसे में जानवर जाए तो कहां जाए।