गुजरात के मोर्बी जिले के टंकारा गांव में एक तेंदुए ने एक ही रात में 47 भेड़ें मार डालीं। शुक्रवार की सुबह इस बात की जानकारी मिली। आमतौर पर माना जाता है कि जब कोई जंगली जानवर जैसे शेर या तेंदुए घास चरने वाले पर हमला करते हैं तो कुछ जानवर सदमे से दम तोड़ देते हैं। लेकिन, यहां सभी 47 भेड़ों पर दांतों के निशान पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट होता कि सब पर हमला किया गया।
जानकारी के मुताबिक तेंदुआ जिस बाड़े में घुसा उसमें 75 भेड़ें बंधी हुई थीं। टंकारा के रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर जेटी कुंदारिया ने बताया कि सभी भेड़ों के शरीर पर तेंदुए के दांत के निशान मिले हैं। हमें भरोसा है कि वही तेंदुआ रात में इन जानवरों को खाने आएगा। वहां पर एक पिंजरा लगवा दिया गया है।
इस इलाके में आमतौर पर तेंदुए दिखाई नहीं पड़ते। वन विभाग के नियमों के अनुसार यदि किसी भेड़ की मौत जंगली जानवर के हमले में होती है तो पीड़ित व्यक्ति को प्रति भेड़ तीन हजार रुपये दिए जाएंगे। मामले में विभाग ने क्षतिपूर्ति रकम जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।