लेंसकार्ट के ड्रेस कोड विवाद मामले में अब नया मोड़ आ गया है। इस बार इसका कारण भाजपा नेता नाजिया इलाही खान बनीं, जब वे मुंबई में एक लेंसकार्ट के स्टोर पहुंची और वहां मौजूद सभी कर्मचारियों को तिलक लगाया। आइए इस पूरे मामले को विस्तार से समझते हैं।
आईवियर रिटेल कंपनी लेंसकार्ट ड्रेस कोड को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। कारण है कि विवाद के बीच भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की नेता नाजिया इलाही खान सोमवार को मुंबई के एक लेंसकार्ट स्टोर पहुंचीं और वहां कर्मचारियों को तिलक लगाया। इसका वीडियो नाजिया इलाही खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। साथ ही कहा कि हिंदू पहचान और परंपराओं पर कभी समझौता नहीं करना चाहिए। यह बयान तब आया जब एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह स्टोर के कर्मचारियों से धार्मिक प्रतीकों को लेकर सवाल करती नजर आईं।
ये भी पढ़ें:- 'परिसीमन जोड़ महिला आरक्षण टाल रही सरकार': सोनिया-राहुल के पत्र का जिक्रकर जयराम रमेश ने कहा- फिर देरी क्यों?
विवाद बढ़ने पर कंपनी ने दी सफाई
हालांकि विवाद बढ़ने के बाद लेंसकार्ट ने सफाई दी और कहा कि उनकी नई गाइडलाइन में सभी धर्मों के प्रतीकों का सम्मान किया गया है। कंपनी ने कहा कि बिंदी, तिलक, सिंदूर, हिजाब और पगड़ी सभी की अनुमति है। साथ ही, कंपनी ने माफी भी मांगी और कहा कि अगर किसी को उनकी नीति से ठेस पहुंची है, तो उन्हें इसका खेद है। कुल मिलाकर, यह मामला अब धार्मिक पहचान और कार्यस्थल के नियमों के बीच संतुलन को लेकर नई बहस खड़ी कर रहा है।