डिजिटल पेमेंट सहित केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को बढ़ावा देने वाले देशभर के चुनिंदा नौकरशाहों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुरस्कृत करेंगे। यह पुरस्कार वे अप्रैल में सिविल सेवा दिवस के अवसर पर प्रदान करेंगे।
बृहस्पतिवार को जारी हुए एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सार्वजनिक प्रशासन में प्रधानमंत्री के उत्कृष्टता पुरस्कार के लिए कुल 2,010 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बता दें कि प्रत्येक साल 21 अप्रैल को
सिविल सेवा दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर नौकरशाह एक बार फिर से सिविल सेवा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं और उन्हें सार्वजनिक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए पुरस्कार भी प्रदान किए जाते हैं।
सिविल सेवा दिवस - 2018 का पुरस्कार चार महत्वपूर्ण योजनाओं में उत्कृष्टता के आधार पर दिया जाएगा। ये चार योजनाएं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी व ग्रामीण) और दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्या योजना हैं।
इन प्राथमिकता योजनाओं की श्रेणी के तहत देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 623 जिलों से 2010 आवेदन प्राप्त हुए हैं। कुल आवेदनों में से 453 आवेदन प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, 258 आवेदन डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए, 665 व 412 आवेदन प्रधानमंत्री आवास योजना क्रमश: शहरी और ग्रामीण के लिए हैं। वहीं कुल 222 आवेदन दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्या योजना के लिए आए हैं।