कश्मीर को लेकर ट्विटर पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला तूल पकड़ रहा है। दिल्ली के एक वकील ने कंपनी मामलों के मंत्री (MCA) को शिकायत कर ह्युंडई, किया, केएफसी व पिज्जा हट की भारतीय इकाइयों का पंजीयन निरस्त करने और दिल्ली पुलिस को इन कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने का आग्रह किया है।
वकील का कहना है कि कश्मीर मामले में इन कंपनियों ने पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट कर देश की संप्रभुता को चुनौती दी है। वकील विनीत जिंदल ने शिकायत में कहा है कि उक्त कंपनियों ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए आपत्तिजनक ट्वीट किए थे। ये हमारे देश की संप्रभुता को चुनौती है। इनकी बहुसंख्य लोगों द्वारा कड़ी आलोचना व निंदा की जा रही है।
जिंदल ने एमसीए से आग्रह किया है कि इन कंपनियों का पंजीयन निरस्त किया जाए और भारत में कारोबार करने से प्रतिबंधित किया जाए। उन्होंने मांग की कि दिल्ली पुलिस को इन कंपनियों के खिलाफ भादंवि की धारा 121 ए, 153, 153ए, 504, 505 व आईटी कानून की धाराओं में केस दर्ज करने का निर्देश दिया जाए।
दरअसल पाकिस्तान में पांच फरवरी को कश्मीर एकजुटता दिवस मनाया गया था। इस मौके पर दक्षिण कोरिया की कार कंपनी ह्युंडई और फूड चेन कंपनी केएफसी व पिज्जा हट की पाकिस्तान इकाई ने कश्मीर की अलग पहचान को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसे लेकर भारत के लोगों ने सख्त नाराजगी प्रकट की। सोशल मीडिया पर इसे लेकर बायकॉट तक की आवाजें उठने लगी हैं। फिलहाल इन सभी मामलों पर भारत सरकार की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
केएफसी ने मांगी माफी
बवाल मचने के बाद भारत स्थित केएफसी के सोशल मीडिया हैंडलों से माफी मांगी गई। केएफसी की पाकिस्तान फ्रैंचाइजी ने अपने सोशल मीडिया के वेरिफाइड हैंडलों से कश्मीर के अलगाववादियों का समर्थन किया था। कंपनी के पोस्ट में लिखा था- "कश्मीर कश्मीरियों का है।"
भारत में इसे लेकर गुस्सा भड़कने के बाद केएफसी ने भारत के अपने हैंडलों से एक संदेश जारी किया। इसमें लिखा गया, "हम भारत के बाहर केएफसी के सोशल मीडिया चैनल्स के जरिए हुए पोस्ट्स के लिए माफी मांगते हैं। हम भारत का सम्मान करते हैं और सभी भारतीयों की गर्व से सेवा की प्रतिबद्धता जताते हैं।"
ह्युंडई मोटर्स ने दी सफाई
इससे पहले कार कंपनी ह्यूंडई मोटर की पाकिस्तानी फ्रैंचाइजी ने भी कश्मीर पर सोशल मीडिया पोस्ट किया था। इसे लेकर भी ट्विटर पर ह्युंडई के खिलाफ नाराजगी जाहिर की जा रही है। बाद में ह्युंडई इंडिया लिमिटेड ने बयान दिया कि वह राष्ट्रीयता का सम्मान करने के विचार के साथ खड़ी है। अपनी पाकिस्तान यूनिट का नाम लिए बगैर लिखा, "ह्यूंडई मोटर इंडिया को अनचाही सोशल मीडिया पोस्ट से न जोड़ें। हम ऐसे दृष्टिकोण की आलोचना करते हैं।"