बॉलीवुड के बड़े सितारों को मिल रही धमकियों और हमलों के बाद अब साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। जांच एजेंसियों को शक है कि लॉरेंस, जेल में रहते हुए भी अपने 'शैडो कैबिनेट' के जरिए गिरोह की तमाम गतिविधियां चला रहा है। एजेंसियों को अंदेशा है कि इस नेटवर्क तक उसके निर्देश पहुंचाने के लिए जेल में उससे मिलने आने वाले लोगों को कूरियर के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी कड़ी को पकड़ने के लिए जांच एजेंसियों ने अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल प्रशासन से लॉरेंस से मिलने आने वाले लोगों की पूरी सूची मांगी है।
जेल के बाहर कैसे पहुंच रहे लॉरेंस के मैसेज?
खुफिया और पुलिस एजेंसियों को संदेह है कि कड़ी सुरक्षा और तमाम पाबंदियों के बावजूद जेल तक पहुंचने वाले लोग लॉरेंस के मैसेज बाहर पहुंचा रहे हैं। आमने-सामने की मुलाकात के अलावा एन्क्रिप्टेड अंतरराष्ट्रीय संचार माध्यमों के इस्तेमाल की भी आशंका जताई जा रही है। अब जांच एजेंसियां इस पूरे तंत्र की तह तक जाने में जुटी हैं कि सलाखों के पीछे रहकर लॉरेंस अपने 'शैडो कैबिनेट' के सदस्यों तक संदेश कैसे पहुंचाता है और बाहर बैठे गुर्गे उन पर अमल कैसे करते हैं। जांचकर्ताओं का मानना है कि इस कमांड चेन को तोड़े बिना जेल के भीतर से चल रहे इस गिरोह पर लगाम लगाना मुश्किल है।
यह पूरी कार्रवाई मुंबई में फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाने की साजिशों के बीच हो रही है। हाल ही में गिरोह के कुछ शार्पशूटर्स की गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस ने उन सितारों की सुरक्षा की नए सिरे से समीक्षा शुरू की है, जिन्हें लॉरेंस गैंग से धमकियां मिली हैं या जिन पर हमले हुए हैं। इस सूची में टाइगर श्रॉफ भी शामिल हैं, जिन पर अक्तूबर में हमला हुआ था। उनके अलावा सलमान खान, आमिर खान, रणवीर सिंह, कपिल शर्मा और गुरु रंधावा जैसे चर्चित चेहरे भी गिरोह के निशाने पर बताए जा रहे हैं।
फिल्मी सितारों की सुरक्षा बढ़ाई गई
सूत्रों के मुताबिक, इनमें से कई सितारों को पहले से ही 'वाई' और 'वाई-प्लस' श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। अब इनके सुरक्षा घेरे को और पुख्ता करने के लिए सशस्त्र पुलिसकर्मियों और निजी सुरक्षा अधिकारियों के साथ-साथ दो से चार अतिरिक्त कमांडो तैनात करने की तैयारी की जा रही है, ताकि इन्हें चौबीसों घंटे चाक-चौबंद सुरक्षा मिल सके। लॉरेंस के जेल से ही उगाही का नेटवर्क चलाने के मामले में भी जांच एजेंसियों के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं।
जेल प्रशासन लॉरेंस से मिलने वाले लोगों की सूची बना रहा
एक शख्स ने दावा किया है कि उगाही की रकम का मामला सुलझाने के लिए लॉरेंस की कानूनी टीम के गिरफ्तार सदस्य दीपक खत्री ने उसे साबरमती जेल ले जाकर लॉरेंस से मिलवाया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने साबरमती जेल प्रशासन को पत्र लिखकर लॉरेंस के आगंतुकों का पूरा ब्योरा मांगा है। इस मामले में कुछ अन्य गवाहों ने भी मजिस्ट्रेट के सामने अपने बयान दर्ज कराए हैं और जेल से चल रहे उगाही रैकेट की परतें खोली हैं। जांच एजेंसियां इन बयानों के आधार पर यह पता लगा रही हैं कि जेल के भीतर से बाहर मौजूद गुर्गों तक संदेश पहुंचाने में कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं।
जांचकर्ताओं का पूरा जोर लॉरेंस के रिश्तेदारों, वकीलों और जान-पहचान वालों समेत उससे मिलने आने वाले हर शख्स की भूमिका खंगालने पर है। एक जांचकर्ता के मुताबिक, इस पूरी कवायद का मकसद गिरोह की जमीनी स्तर पर काम कर रही कमांड चेन को ध्वस्त करना और जेल के भीतर से होने वाले हर तरह के संपर्क पर जवाबदेही तय करना है।