उत्तर दिनाजपुर और उत्तरी बंगाल के छह जिलों में जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित रहा। यहां भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में कुछ जगह झड़प हुई। बंद के दौरान भारी पुलिसबल की तैनाती की गई। प्रदर्शनकारियों ने कई जगह सड़कों को जाम कर दिया। रेल पटरियों पर भी प्रदर्शनकारी जमा हो गए। तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर बसों में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया।
इसी तरह से सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, रायगंज, कालियागंज, तूफानगंज, बलरामपुर, कूचबिहार शहर में शुक्रवार को सुबह छह बजे शुरू हुई 12 घंटों की हड़ताल के कारण दुकानें और बाजार बंद रहे। दार्जिंलिंग और मालदा में बंद का बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ा। यहां दुकानें खुली रहीं। उधर, भाजपा के बंद के विरोध में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बंद के खिलाफ जवाबी रैलियां निकालीं और लोगों से सामान्य जनजीवन को सामान्य बनाए रखने का आग्रह किया।
भाजपा विधायक ने राज्यपाल को लिखा पत्र
भाजपा विधायक अग्निमित्र पॉल ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस को पत्र लिखा है और उन दो घटनाओं में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है, जहां कथित तौर दो लड़कियों की हत्या कर दी गई। पत्र में कहा गया है कि परिवारों को राजनीतिक निष्क्रियता के कारण न्याय नहीं मिल रहा है।