मुंबई से भोपाल आ रही एक फ्लाइट में उपद्रवी यात्रियों ने इस कदर उत्पात मचाया कि फ्लाइट को मुंबई एयरपोर्ट पर दो घंटे तक रोकना पड़ा। इनका ये हंगामा पूरे रास्ते जारी रहा जिसकी वजह से भोपाल पहुंचने पर एयरपोर्ट अधिकारियों को इन यात्रियों को जांच के लिए रोकना पड़ा।
हंगामें के दौरान फ्लाइट में मौजूद यात्रियों ने ट्वीट कर बताया कि विमान नियमों को ताक पर रख कर कुछ यात्रियों को लेने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पर रुकी हुई थी। ये यात्री एक विमान में सवार एक बड़े समूह का हिस्सा था जो किसी शादी में शरीक होने जा रहे थे। इस समूह के साथी, जो पहले से विमान में मौजूद थे, ने अधिकारियों को धमकी दी कि अगर उन्होंने उनके साथियों के लिए विमान नहीं रोकी तो वे सभी उतर जाएंगे।
यह वाकया मुंबई से भोपाल आ रही उड़ान 9W 7083 का है जो मुंबई से सुबह 5:55 पर रवाना होने वाली थी। लेकिन जब तय समय बीत जाने के बाद भी विमान ने उड़ान नहीं भरा तब यात्रियों को पता चला कि यह विमान कुछ यात्रियों के इंतजार में रुकी हुई हैं।
जेट एयरवेज के प्रवक्ता ने बताया कि कुछ तकनीकी खामियों के चलते इस उड़ान में ओवरबुकिंग हो गई थी। डीजीसीए के नियमों के मुताबिक किसी भी विमान के उड़ान से 45 मिनट पहले उसका चेक-इन काउंटर बंद हो जाना चाहिए। ऐसा कई बार होता है कि यात्री उड़ान से 45 पहले एयरपोर्ट पर नहीं पहुंच पाते हैं जिस वजह से उन्हें एयरपोर्ट से मायूस होकर लौटना पड़ता है। लेकिन यात्रियों का दावा है कि इस घटना में एयरलाइन ने नियमों को ताक पर रखकर विमान को रोके रखा।
जब विमान ने लोगों को अपनी सीट छोड़ने के लिए कहा
सांकेतिक चित्र
- फोटो : AmarUjala
विमान में सवार एक यात्री अदिति श्रीवास्तव ने बताया कि, 'पहले तो एयरलाइन ने देर से आए 17 लोगों को विमान में बोर्डिंग की इजाजत देने से इंकार कर दिया, लेकिन फिर विमान में उनके मौजूद साथियों ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। चूंकि उड़ान में ओवरबुकिंग हुई थी, इसलिए एयरलाइन ने एनाउंसमेंट कर अन्य यात्रियों से आग्रह किया कि कृपया वो अपनी सीट देर से आए लोगों को दे दें।'
हालात तब और बदतर हो गए जब सीट न मिलने से नाराज शादी में शरीक होने जा रहे इस ग्रुप ने विमान के दरवाजे पर आकर उसे बंद करने से रोकने लगे। विमान में मौजूद यात्रियों ने सुरक्षा अधिकारीयों को बुलाने की मांग की लेकिन एयरलाइन स्टाफ ने उनकी इस मांग को ठुकरा दिया।
जब ग्रुप के लोग काफी देर तक दरवाजे से नहीं हटे तो एयरलाइन ने एनाउंसमेंट कर अन्य यात्रियों से कहा कि जो भी यात्री अपनी सीट इस ग्रुप के लोगों के लिए छोड़ेगा, एयरलाइन उसे शाम में भोपाल जा रही दुसरी उड़ान से भेजेगी साथ ही उसे 10,000 रुपए भी देगी। इस एनाउंसमेंट के बाद 5 यात्रियों ने अपनी सीट छोड़ी लेकिन फिर भी समस्या नहीं सुलझी।
आखिरकार दो घंटे के हंगामें के बाद सुबह 8:05 बजे विमान ने उड़ान भरी। जेट एयरवेज के प्रवक्ता ने इसके लिए तकनीकी खामियों को जिम्मेदार बताया और कहा कि एयरलाइन सभी यात्रियों को मुआवजा देगी।
विमान में मौजूद यात्रियों ने इस पूरे वाकये का वीडियो भी बनाया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।