राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने दलितों पर अत्याचार की घटनाओं पर चुप्पी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार दूसरे दिन हमला बोला। उन्होंने शुक्रवार को आश्चर्य जताते हुए ट्वीट किया है कि कहीं ये घटनाएं उनकी शह पर तो नहीं हो रही हैं।
लालू ने ट्वीट कर कहा कि दूसरों की खांसी-जुकाम पर चिचियाते हैं, पर गरीब दलित को मारा पीटा जा रहा है, उस पर लंबी चुप्पी है। कहीं इसमें इनकी ही तो शह नहीं। उल्लेखनीय है कि लालू ने गुरुवार को ट्वीट किया था कि प्रधानमंत्री सात समंदर पार भी कुछ होने पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हैं, वह गुजरात की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं पर एक शब्द भी नहीं बोल रहे।
ताजा ट्वीट उन्होंने अपने बेटे एवं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के ट्वीट के जवाब में लिखा है। तेजस्वी ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री को गोरखपुर की रैली में दलितों पर अत्याचार की घटनाओं पर बोलने को उकसाया था। तेजस्वी ने ट्वीट में लिखा कि डियर नरेंद्र मोदी जी, उम्मीद है कि आपके शासन में हो रहे दलित अत्याचारों पर आप गोरखपुर की रैली में बड़े आक्रामक ढंग से कुछ बोलेंगे। कृपया अपने कार्यकर्ताओं को कठोर संदेश दें।