राज्यसभा में फूड प्रोसेसिंग मंत्री हरसिमरत कौर बादल के हस्तक्षेप पर कांग्रेस सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे के बाद उपसभापति ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। दोपहर बाद उपसभापति पी जे कुरियन ने प्राइवेट मेंबरस बिल के लिए सदन की कार्यवाही शुरू की लेकिन मंत्री ने खड़े होकर भगवंत सिंह मान का मुद्दा उठाना चाहा। उप सभापति ने इसकी इजाजत नहीं दी।
उप सभापति ने कहा कि प्राइवेट मेंबर बिल के बाद ही कोई मुद्दा उठाने की इजाजत दी सकती है। उन्होंने बी के हरिप्रसाद का बिल रखने को कहा। इस बीत हरसिमरत ने फिर मुद्दा उठाना चाहा। कांग्रेस के प्रताप सिंह वाजवा ने कहा कि मंत्री लोकसभा की सदस्य है, वे वहां जाकर मुद्दे उठाएं।
कांग्रेस के प्रमोद तिवारी ने कहा कि प्राइवेट मेंबर बिल आंघ्र प्रदेश के हित से जुड़ा है और हम इसे पारित कराना चाहते हैं। कांग्रेस के दिग्विजय सिंह ने जानना चाहा कि मंत्री क्या मुद्दा उटाना चाहती हैं। कांग्रेस के सत्यव्रत चतुर्वेदी ने कहा कि मंत्री इस सदन की सदस्य नहीं हैं।
इस पर उपसभापति ने कहा कि वह मंत्री है इसलिए इस सदन में भी बोल सकती हैं। आनन्द शर्मा ने सत्ता पक्ष द्वारा सदन नहीं चलने देने की नीति पर आपत्ति जताई। इस बीच हंगामा होता रहा और उपसभापति ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।