कांग्रेस पर मुस्लिम (कट्टरपंथी) तुष्टीकरण का पुराना आरोप है। संघ परिवार और भाजपा ही नहीं प्रगतिशील बिरादरी और उदारवादी मुसलमान भी इसके लिए कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करते रहे हैं। खासकर जब राजीव गांधी सरकार ने शाहबानो प्रकरण में कट्टरपंथी मुसलमानों के दबाव में सुप्रीम कोर्ट का फैसला बेअसर करने के लिए संसद में विधेयक पारित कराया। अपनी पार्टी पर लगे इस आरोप को धोने और मुसलमानों से संवाद बनाने के लिए राहुल गांधी ने मौलानाओं, उलेमाओं और इमामों की जगह तरक्की पसंद मुस्लिम बुद्धिजीवियों के साथ मुलाकात की।
लेकिन पुरानी कहावत है कि हवन करने में हाथ जले और राहुल की इस मुलाकात का तफसरा छापते हुए एक उर्दू अखबार ने लिख दिया कि राहुल ने बैठक में कहा कि कांग्रेस तो मुसलमानों की पार्टी है। बस फिर क्या था, मुद्दे की तलाश में जुटे प्रधानंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में सीधा सवाल दाग दिया कि क्या कांग्रेस मुसलमानों की पार्टी है और अगर एसा है तो क्या सिर्फ मुस्लिम पुरुषों की ही पार्टी है और मुस्लिम महिलाओं के दुख दर्द से उसे कुछ भी लेना देना नहीं है।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह सवाल दाग कर साफ कर दिया कि भाजपा इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों और अगले साल अप्रैल में लोकसभा चुनावों के लिए हिंदुत्व को जमकर गरम करेगी। मोदी के सवाल को भाजपा ने अपने इसी एजेंडे के तहत तेज धार दी और पार्टी ने कांग्रेस को मुसलमानों की पार्टी कहते हुए हमले शुरू कर दिए। रही सही कसर टीवी चैनलों की बहसों ने पूरी कर दी और कांग्रेस सफाई देने में जुटी ही थी कि जलती आग में शशि थरूर के हिंदू पाकिस्तान वाले बयान की आहुति भाजपा ने डाली और लडखड़ाई कांग्रेस को इस बयान से खुद को अलग करना पड़ा।
थरूर ने बात तो अकादमिक रूप से कही थी जिसका आशय था कि अगर भाजपा 2019 में फिर जीत गई तो भारत में हिंदू कट्टरपंथ उसी तरह हावी हो जाएगा जैसे पाकिस्तान में मुस्लिम कट्टरपंथ हावी है। लेकिन बेहद छिछले स्तर के सामाजिक विमर्श के मौजूदा दौर में विषय की गंभीरता कौआ कान ले गया के शोर में हमेशा की तरह दब गई और रह गया सिर्फ हिंदू मुसलमान और पाकिस्तान का शोर।
भाजपा के मुस्लिम पार्टी के सवाल का जवाब आखिरकार राहुल गांधी ने ट्विट करके दिया कि मैं अंतिम आदमी के साथ हूं और बिना किसी की जाति धर्म रंग की परवाह के शोषित वंचित के साथ खड़ा हूं। आखिर में उन्होंने यह भी कह दिया कि मैं कांग्रेस हूं। साथ ही भाजपा के हिंदू मुस्लिम के शोर को ठंडा करने के लिए राहुल ने प्रधानंमत्री मोदी को पत्र लिखकर राज्यसभा से पारित महिला आरक्षण विधेयक को लोकसभा से पारित कराने का आग्रह करते हुए कांग्रेस के पूरे समर्थन का भरोसा दिया।
राहुल इसके जरिए विमर्श बदलना चाहते थे लेकिन जबाव में कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा कि सरकार इस शर्त पर महिला आरक्षण विधेयक लोकसभा में ला सकती है अगर कांग्रेस तीन तलाक और हलाला के मुद्दे पर सरकार के प्रस्ताव का संसद में समर्थन करने का भरोसा दे। यानी सरकार ने फिर विमर्श को मुस्लिम मुद्दे की ओर मोड़ दिया।
इसी बीच जिस दिन भीड़ हिंसा को लेकर सर्वोच्च न्यायालय ने गंभीर चिंता प्रकट करते हुए सरकार से इस मुद्दे पर कानून बनाने और राज्यों में कड़ाई से इस पर रोक लगाने का आदेश दिया, उसी दिन झारखंड के पाकुड़ा में सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश पर उन्मादी भीड़ ने हमला करके उन्हें बुरी तरह जख्मी कर दिया।
अग्निवेश का आरोप है कि हमलावर भाजपा के युवा संगठन भारतीय युवा जनता मोर्चा के कार्यकर्ता थे। झारखंड की भाजपा सरकार ने पूरी घटना की जांच के आदेश दे दिए और भाजपा ने अग्निवेश के आरोप का खंडन किया। लेकिन झारखंड भाजपा सरकार के एक मंत्री ओपी सिंह तो यहां तक कह गये कि अग्निवेश ने यह हमला खुद ही अपने ऊपर करवाया है।
यानी सरकार की जांच शुरू भी नहीं हुई मंत्री महोदय ने अपनी जांच रिपोर्ट पहले दे दी। अग्निवेश को हिंदू विरोधी और ईसाई मिशनरी का एजेंट बताते हुए उन पर हमले और हमलावरों के पक्ष में सोशल मीडिया पर जिस तरह का अभियान चल रहा है उससे भी सामाजिक विमर्श में हिंदुत्व को धार मिल रही है।
अब संसद में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा, किसानों का संकट, बेरोजगारी, महंगाई, विदेश नीति, महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों के साथ साथ भीड हिंसा का मुद्दा भी उठेगा। विपक्ष इसे लेकर सरकार को घेरेगा और सरकार न सिर्फ अपना बचाव करेगी बल्कि विपक्ष को कठघरे में खड़ा करते हुए इस मौके का इस्तेमाल अपने हिंदुत्व की धार को और तेज करने के लिए करेगी और सामाजिक राजनीतिक विमर्श फिर हिंदू मुसलमान के इर्द गिर्द ही घूमेगा। तब आम जनता के लिये खेल के मैदान से उठी अराजनीतिक हरभजन सिंह की बात कि हम आखिर हिंदू मुस्लिम कब तक खेलेंगे ही सबसे ज्यादा प्रासंगिक होगी।