राज्य के विजयवाड़ा के समीप कृष्णा नदी में क्षमता से अधिक 38 लोगों को लेकर जा रही नौका डूबने से 16 पर्यटकों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मरने वालों में छह महिलाएं व चार बच्चे शामिल हैं। हादसे के बाद 15 लोगों को स्थानीय मछुआरों ने बचा लिया जबकि 9 लोग अभी लापता हैं।
पुलिस ने कहा कि यह घटना उस समय हुई जब नौका विजयवाड़ा के समीप फेरी विलेज के पवित्रा संगमम से भवानी द्वीप के लिए जा रही थी। नौका पर क्षमता से अधिक 38 लोग सवार थे और उन्हें लाइफ जैकेट भी नहीं दिए गए थे।
पढ़ें- जगमोहन रेड्डी का विवादित बयान: चंद्रबाबू नायडू जैसे सीएम को सरेआम गोली मार देनी चाहिए
राज्य के पर्यटन मंत्री भूमा अखिला प्रिया ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। इस नौका का संचालन एक प्राइवेट कंपनी कर रही थी और बताया जा रहा है कि यह अभी ट्रायल रन पर चल रहा था।
घटना के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और कृष्णा जिला प्रशासन की टीमों ने व्यापक अभियान चलाकर लापता लोगों का तलाशी अभियान तेज कर दिया।