नेपाल ने अंडर-19 एशिया कप वनडे टूर्नामेंट के ग्रुप-ए मैच में भारतीय टीम को 19 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर नेपाल को 50 ओवर में आठ विकेट पर 185 रन पर रोक दिया था। 186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 48.1 ओवर में 166 रन ही बना सकी।
भारत की ओर से हिमांशु राणा ने सबसे अधिक 36 रन बनाए जबकि उनके ओपनिंग जोड़ीदार मनजोत कालरा 69 गेंदों में 35 रन ही बना सके। नेपाल के कप्तान दिपेंद्र सिंह ने 88 रन बनाने के अलावा गेंदबाजी में भी कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 39 रन खर्च कर चार विकेट चटकाए। भारत और नेपाल के दो मैचों से दो-दो अंक हैं। भारत ने अपने पहले मैच में मलयेशिया को 202 रन से पराजित किया था।