विमानन मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि कोझिकोड विमान हादसे के मामले में वायुयान अधिनियम के तहत जांच का आदेश दिया गया है। ब्लैक बॉक्स बरामद हो गया है। जांच के नतीजे सार्वजनिक किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि रबर का जमा होना, हवाईपट्टी पर दरार पड़ना जैसी चिंताएं प्रकट करना डीजीसीए का सामान्य कार्य है। यह इन्हें दुरूस्त करने को सख्ती से सुनिश्चित करता है।
बता दें कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के मद्देनजर मार्च के अंत में घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं पर रोक लगा दी गई थी। घरेलू विमान सेवा जहां 25 मई को शुरू हो गई थी वहीं अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं पर रोक जारी है।
विमान रनवे से करीब 1000 मीटर पहले
कोझिकोड विमान हादसे को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने बयान भी जारी किया है। एएआई के मुताबिक, कोझिकोड एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान रनवे से करीब 1000 मीटर पहले टैक्सी-वे पर लैंड हुआ था। इसके बाद उसने 2700 मीटर का रनवे पार किया और खाई में गिरकर दो टुकड़ों में बंट गया।
एएआई के प्रवक्ता ने बताया कि लैंडिंग की पहली कोशिश के लिए रनवे 28 तय किया गया था, लेकिन भारी बारिश की वजह से पायलट उस रनवे को नहीं देख पाए। इसके बाद उन्होंने रनवे-10 के लिए इजाजत मांगी।
एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) के हवाले से एएआई प्रवक्ता ने बताया कि विमान टैक्सी-वे C के पास लैंड हुआ, जो कि रनवे-10 की शुरुआत से करीब 1000 मीटर की दूरी पर है। रनवे की कुल लंबाई 2700 मीटर है। प्रवक्ता ने बताया कि हादसे के वक्त एयरफील्ड में काफी बारिश हो रही थी। लैंडिंग के समय विजिबिलिटी 2000 मीटर रिपोर्ट की गई।
18 मृतकों में से नौ कोझिकोड के निवासी
एयर इंडिया विमान हादसे में मारे गए यात्रियों की पहचान कर ली गई है जिसमें पता चला है कि 18 मृतकों में से नौ कोझिकोड के रहने वाले थे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। मलप्पुरम जिला कलक्टर के गोपालकृष्णन की ओर से जारी विवरण के अनुसार मृतकों में चार बच्चे शामिल हैं और नौ लोग कोझिकोड के रहने वाले थे।
राजीवन चेरक्कपरम्बिल (61), मानल अहमद (25), शरफुद्दीन (35), जानकी कुन्नथ (55), अस्सान मुहम्मद चेंबई (1), रम्या मुरलीधरन (32), शिवात्मिका (5), शेनोबिया (40) और शाहिरा बानू (29) कोझिकोड के रहने वाले थे। मुहम्मद रियास वी पी (24) और आईशा दुवा (2) पलक्कड के रहने वाले थे।
शहीर सईद (38), लैलाबी के वी (51), शांता मरक्कत (59), सुधीर वरियात (45) और शेसा फातिमा (2) मलप्पुरम के निवासी थे। हादसे में पायलट कैप्टन दीपक साठे और सह पायलट अखिलेश कुमार की भी मौत हो गई। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि 18 मृतकों में से 14 वयस्क और चार बच्चे थे।
उन्होंने कहा कि 14 वयस्कों में से सात पुरुष और अन्य महिलाएं थीं। वर्तमान में मलप्पुरम और कोझिकोड के अस्पतालों में 149 लोगों का इलाज चल रहा है जिनमें से 23 की हालत नाजुक है।
व्लादिमीर पुतिन ने भेजा शोक संदेश
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कोझिकोड विमान हादसे को लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शोक संदेश भेजा है। बता दें कि विमान दुर्घटना में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है।
विमान हादसे की जांच में रखरखाव के पहलू पर भी गौर करना चाहिए : भाकपा सांसद
भाकपा सांसद विनय विस्वम ने शनिवार को कहा कि कोझिकोड हवाई अड्डे पर एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान हादसे की जांच में वेतन कटौती से रखरखाव और नीतियों में किए गए कुछ बदलाव के मुद्दे को भी ध्यान में रखना चाहिए। एलायंस एअर एम्प्लॉइ यूनियन के भी अध्यक्ष विस्वम ने कहा, शुरुआती जांच चल रही है और किन परिस्थितियों में विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ इसका पता लगाया जा रहा है, लेकिन यह स्पष्ट है कि प्रतिकूल समय में एयर इंडिया के कर्मचारियों और चालक दल ने अदभुत साहस का परिचय दिया। पिछले दो साल से विमान कंपनी का निजीकरण करने के सरकार के प्रयासों के कारण एयर इंडिया का समूचा संगठन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।