कोलकाता के पार्क स्ट्रीट क्षेत्र में ऐप आधारित कैब सेवा पाने को ले कर हुए विवाद में कोलकाता यातायात पुलिस के एक अधिकारी द्वारा एक महिला को कथित रूप से थप्पड़ मारे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक महिला ने कोलकाता यातायात पुलिस दक्षिण यातायात गार्ड के अतिरिक्त उप निरीक्षक हीरालाल मंडल के खिलाफ बुधवार रात पार्क स्ट्रीट में थप्पड़ मारने का मामला दर्ज कराया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंडल ने कथित रूप से कैब को वहां से जाने को कहा था क्योंकि इससे यातायात व्यवस्था बाधित हो रही था।
अधिकारी ने बताया, ‘इस पर महिला और यातायात पुलिस अधिकारी के बीच बहस शुरू हो गई। महिला ने कथित तौर पर अधिकारी को उसकी वर्दी पकड़ कर खींचा और फिर उसे धक्का दे दिया। इस पर अधिकारी ने कथित रूप से उसे थप्पड़ जड़ दिया।’
कोलकाता पुलिस सूत्रों ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (तृतीय) सुप्रतिम सरकार ने महिला को टेलीफोन करके मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है।स्थानीय पुलिस थाने में महिला की शिकायत दर्ज की गई है, साथ ही क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज मांगे गए हैं।