कोलकाता पुलिस के पूर्व आयुक्त राजीव कुमार
ममता बनर्जी सरकार ने शारदा चिटफंड घोटाले में सीबीआई की पूछताछ को लेकर विवादों में रहे कोलकाता पुलिस के पूर्व आयुक्त राजीव कुमार को कोलकाता पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा और विशेष कार्यबल (एसटीएफ) का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया है। बीते महीने उनका तबादला खुफिया विभाग में अतिरिक्त महानिदेशक के तौर पर किया गया था।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया है कि अगले आदेश तक राजीव कुमार के पास दोनों विभागों का अतिरिक्त प्रभार रहेगा। गृह विभाग ने उक्त आदेश शुक्रवार देर रात को जारी किया।
उल्लेखनीय है कि बीते महीने उनसे पूछताछ के मुद्दे पर भारी बवाल हुआ था और इसके विरोध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी यहां धरने पर बैठ गई थीं। बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने कुमार से मेघालय की राजधानी शिलांग में पांच दिनों तक पूछताछ की थी।