पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता पुलिस ने बुधवार को दो साल के मासूम बच्चे के साथ कथित यौन उत्पीड़न के संबंध में पोस्को कानून के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
यह मामला 1 जुलाई का बताया जा रहा है, मेडिकल रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई है।
इस मामले पर वकील अनीर्बन ठकुरता ने कहा कि 'यह मामला 1 जुलाई (चिकित्सक दिवस) का है जब स्कूल में इस अवसर पर समारोह आयोजित किया गया था। समारोह खत्म होने के बाद बच्चे की मां उसे लेने आई तो उसके के चेहरे पर अजीब तरह की परेशानी देखी। इस दौरान मां ने देखा की उसके कपड़ों पर खून के निशान हैं। वह बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर गई और वहां डॉक्टरों ने कहा कि बच्चे के साथ यौन उत्पीड़न हुआ है।'
जिसके बाद बच्चे के परिवार ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया। पुलिस भी बच्चे को मेडिकल चेकअप के लिए ले गई और जांच शुरू कर दी।
वकील ने आगे बताया 'पीड़ित बच्चे के परिवार ने जब स्कूल से सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की तो स्कूल ने यह कहते हुए मना कर दिया कि उनके पास 27 जून से 3 जुलाई तक की कोई भी सीसीसीवी फुटेज नहीं है। और परिवार को खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ा।'
हालांकि स्कूल प्रशासन ने किसी भी तरह की यौन उत्पीड़न की घटना के होने से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।