बिहार की रहने वाली कल्पना कुमारी ने नीट 2018 परीक्षा में पूरे भारत में पहला स्थान हासिल किया है। कल्पना को 720 में से 691 अंक प्राप्त हुए। यदि पर्सेंटाइल की बात करें तो कल्पना को 99.99 फीसदी पर्सेंटाइल आए हैं। कल्पना ने पढ़ाई से जुड़े कुछ खास सीक्रेट्स भी शेयर किए जिन्हें जानकर आगे परीक्षा देने वाले छात्र भी लाभ उठा सकते हैं।
कल्पना का कहना है कि मैं काफी खुश हूं कि मैंने डॉक्टर बनने के सपने के लिए प्रवेश परीक्षा में टॉप किया है। परीक्षा की प्रक्रिया में मुझे कोई परेशानी नहीं हुई।
बिहार के शिवहर जिले की रहने वाली कल्पना के लिए इस मुकाम तक पहुंचना उतना भी आसान नहीं था। इस परीक्षा की तैयारी के लिए कल्पना ने दिल्ली आने का फैसला किया था। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत तो की ही साथ ही इन खास बातों का भी ध्यान रखा।
कल्पना कहती हैं कि वह हर दिन 12-13 घंटे पढ़ाई किया करती थीं। एनसीईआरटी की किताबों को उन्होंने बहुत ध्यान से पढ़ा था साथ ही अपने कोचिंग से मिले स्टडी मटीरियल को भी उन्होंने ध्यान से पढ़ा। कल्पना बताती हैं कि मॉक टेस्ट तैयारी के लिए बेहद जरूरी होता है। इसलिए हर छात्र को टेस्ट देते रहना चाहिए ताकि वह अपनी परफॉर्मेंस को नाप सके और एक बार की हुई गलती को देबारा ना दोहराए।
बता दें कल्पना का सपना एम्स में पढ़ने का है इसलिए वह एम्स 2018 के रिजल्ट का भी बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। कल्पना कहती हैं कि यदि आपके कॉन्सेप्ट्स क्लियर हैं तो चाहे नीट हो या कोई और परीक्षा आप आसानी से उसे पास कर सकते हैं।
4 जून को जारी किए गए नीट के परिणाम में कल्पना ने फिजिक्स में 180 में से 171, केंमेस्ट्री में 180 में से 160 और बॉयोलॉजी में 360 में से 360 अंक हासिल किए हैं। बतां दें एमबीबीएस और बीडीएस में दाखिले के लिए इस परीक्षा का पूरे देश में 6 जून को आयोजन किया गया था।