सफर इंडिया द्वारा जारी अलर्ट
- फोटो : Safar India
सफर इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के कुछ हिस्से इस धूल भरी आंधी की चपेट में हैं। परियोजना निदेशक डॉ. गुफरान बेग का कहना है कि मंगलवार को पाकिस्तान के कराची और अफगानिस्तान के सिस्तान बेसिन शहर में धूल भरी आंधी उठी है। यह आंधी तेजी से भारत की ओर बढ़ रही है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि यह आंधी उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों को अपनी चपेट में ले सकता है।
देश का एक हिस्सा पहले ही चक्रवाती तूफान 'वायु' के संभावित कहर से चिंतित है। ऐसे में पाकिस्तान से आ रही धूल भरी आंधी लोगों की चिंता बढ़ा सकती है। मालूम हो कि अरब सागर में हवा के कम दबाव की स्थिति गहराने के कारण उत्पन्न चक्रवाती तूफान 'वायु' के 13 जून को गुजरात पहुंचने की आशंका हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में तूफान गंभीर रूप ले सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की उम्मीद है।