केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल जल्द ही बंपर भर्तियां करने जा रहा है। सीआरपीएफ नक्सल और आतंकवाद प्रभावित राज्यों में मुश्किल ड्यूटी के लिए दक्ष और मजबूत सैनिकों को तैयार करने के लिए शारीरिक प्रशिक्षण प्रणाली को नया रूप देगा। इसके लिए सीआरपीएफ जल्द ही 21,566 कर्मियों की नियुक्ति करने जा रहा है। सीआरपीएफ के महानिदेशक आरआर भटनागर ने बताया कि भर्ती प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कर्मियों को चोटिल होते देखने के बाद प्रशिक्षण का पुराना तरीका बदलने का निर्णय किया गया है। फैसले को अहम माना जा रहा है क्योंकि सरकार ने कुछ महीने पहले ही सीआरपीएफ, बीएसएफ और आईटीबीपी जैसे केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में सिपाही रैंक पर भर्ती करने की घोषणा की थी।
हवाई यात्रा के लिए जरूरी नहीं बोर्डिंग पास
हवाई यात्रा के दौरान यात्रियों को बोर्डिंग पास लेने के लिए लंबी लाइन में लगने से जल्द छुटकारा मिलने की उम्मीद है। हवाई यात्री अब जल्द ही अपने चेहरे की पहचान के जरिए देश के किसी भी एयरपोर्ट में एंट्री पा सकेंगे। नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि पेपरलेस और परेशानी रहित हवाई यात्रा को बढ़ावा देने के लिए डिजियात्रा पहल के तहत ये सुविधा शुरू की जा रही है। ये तकनीक अत्याधुनिक और पूरी तरह सुरक्षित होगी। सुरेश प्रभु ने बताया कि 2019 में फरवरी के आखिरी सप्ताह में ये सुविधा शुरू हो जाएगी। शुरुआती दौर में ये प्रक्रिया दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलूरू एयरपोर्ट पर लागू होगी।
दिवाली में घर जाने वालों के लिए खुशखबरी
हर कोई अपने घर-परिवार के साथ त्योहार मनाने जाना चाहता है, लेकिन ज्यादा मांग की वजह से ट्रेनों में रिजर्वेशन नहीं मिल पाता है। ऐसी ही स्थिति को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने कुछ विशेष ट्रेन चलाई है और कई गाड़ियों के फेरे भी बढ़ाए हैं। पश्चिम रेलवे के अलग- अलग गंतव्यों के लिए छह विशेष ट्रेनों के 54 फेरे विशेष किराये के साथ चलाए जाएंगे।
जापान की कंपनी का भारत को बड़ा ऑफर
अगली अच्छी खबर ये है कि भारत को अब फ्री में बिजली मिल सकती है। दरअसल जापान के सॉफ्टबैंक के सीईओ मसायोशी सन ने कहा है कि वो भारत को फ्री में सोलर बिजली देने के लिए तैयार है। मासायोशी सन ने भारत समेत इंटरनेशनल सोलर एलायंस के अन्य सदस्यों को फ्री बिजली देने की पेशकश की है। इंटरनेशनल सोलर एलायंस सदस्य देशों के लिए एक स्पेशन ऑफर के तौर पर सन ने कहा कि सॉफ्टबैंक 25 साल के पावर पर्चेस एग्रीमेंट के पूरा होने के बाद सोलर पावर प्रोजेक्ट्स से फ्री बिजली की पेशकश करेगा। जापान की सॉफ्टबैंक के सीईओ मासायोशी सन ने भारत सहित इंटरनेशनल सोलर एलायंस के अन्य सदस्यों को फ्री बिजली देने की पेशकश की है।