कर्नाटक के बेलगावी में एक जनसभा के दौरान आज यानी सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि मैं मल्लिकार्जुन खरगे जी का बहुत सम्मान करता हूं। अभी कांग्रेस का अधिवेशन चल रहा था, वो सबसे सीनियर नेता हैं। वहां धूप थी, लेकिन धूप में छतरी का सौभाग्य उनको नसीब नहीं हुआ, बल्कि छाता किसी और के लिए लगा था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर्नाटक में दिए गए 'छतरी' वाले बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पलटवार किया है। उन्होंने अदाणी मामले को लेकर प्रधानमंत्री को घेरते हुए पूछा कि प्रधानमंत्री के 'दोस्त' ने किसके 'छाते' के नीचे देश में सब कुछ लूटा? छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के महा अधिवेशन के दौरान की गई खरगे की यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कर्नाटक के बेलगावी में दिए गये बयान पर आई है।
विज्ञापन
हम तिरंगे की छांव में खड़े कांग्रेसी- खरगे
प्रधानमंत्री की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि 'नरेंद्र मोदी जी, आपके 'अच्छे दोस्त' ने किसकी छत्रछाया में देश का सब कुछ लूट लिया?' उन्होंने ट्वीट में आगे कहा कि 'हम तिरंगे की छांव में खड़े कांग्रेसी हैं, जिन्होंने 'कंपनी राज' को हराकर देश को आजाद कराया और देश को कभी भी 'कंपनी राज' नहीं बनने देंगे।' अपने ट्वीट में मल्लिकार्जुन खरगे ने अदाणी मामले में संसदीय समिति से जांच कराने को लेकर भी सवाल किया। उन्होंने लिखा, 'ये बताइये, अडानी पर JPC कब ?'
खरगे पर क्या बोले थे पीएम मोदी
कर्नाटक के बेलगावी में एक जनसभा के दौरान आज यानी सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि मैं मल्लिकार्जुन खरगे जी का बहुत सम्मान करता हूं। अभी कांग्रेस का अधिवेशन चल रहा था, वो सबसे सीनियर नेता हैं। वहां धूप थी, लेकिन धूप में छतरी का सौभाग्य उनको नसीब नहीं हुआ, बल्कि छाता किसी और के लिए लगा था। ये देख कर जनता समझ रही है कि रिमोट कंट्रोल किसके हाथ में है।
विज्ञापन
देश कह रहा 'मोदी तेरा कमल खिलेगा'
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लोग सोचते हैं कि जब तक मोदी जिंदा है, तब तक उनकी दाल नहीं गलने वाली। इसलिए सभी बोल रहे हैं कि 'मरजा मोदी', 'मरजा मोदी'। कुछ लोग कब्र खोदने में लग गए हैं, कह रहे हैं 'मोदी तेरी कब्र खुदेगी'। मगर देश कह रहा है कि 'मोदी तेरा कमल खिलेगा।'