सार
केरल सरकार ने आरोप लगाया है कि तेल कंपनियां एथेनॉल-मुक्त पेट्रोल के सैंपल देने से इनकार कर रही हैं। राज्य सरकार पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा जांचना चाहती है। कर्नाटक में भी पेट्रोल में 31.2 प्रतिशत एथेनॉल मिलने का दावा किया गया था, जिसे कंपनियों ने खारिज किया। आखिर कंपनियां सैंपल देने से पीछे क्यों हट रही हैं? क्या पेट्रोल में तय सीमा से ज्यादा एथेनॉल मिलाया जा रहा है? आइए, विस्तार से जानते हैं कि ये पूरा मामला क्या है...
इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम ने सैंपल देने से क्यों किया इनकार?
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा और वाहनों के इंजन पर उसके असर को लेकर विवाद के बीच केरल सरकार ने केंद्र से मदद मांगी है। राज्य का आरोप है कि तेल कंपनियां एथेनॉल-मुक्त पेट्रोल के सैंपल देने से पीछे हट रही हैं। इन सैंपलों की मदद से सरकार यह जांचना चाहती है कि राज्य में बिकने वाले पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा तय सीमा के भीतर है या नहीं। राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अनूप जैकब ने इस मामले में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
केरल सरकार को एथेनॉल-मुक्त पेट्रोल के सैंपल की जरूरत क्यों पड़ी?
मंत्री अनूप जैकब के मुताबिक, राज्य सरकार को कई जगहों से शिकायतें मिली थीं कि पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने से वाहनों के इंजन पर असर पड़ सकता है। इन शिकायतों की जांच के लिए सरकार ने पिछले दो सप्ताह से राज्य के अलग-अलग पेट्रोल पंपों से पेट्रोल के सैंपल इकट्ठा करने की प्रक्रिया शुरू की। नागरिक आपूर्ति विभाग ने तय नियमों के अनुसार सैंपल लिए और जांच के लिए सरकारी केमिकल एग्जामिनर प्रयोगशालाओं को भेज दिए। हालांकि, प्रयोगशालाओं ने इन सैंपलों की सही जांच और तुलना करने के लिए एथेनॉल-मुक्त पेट्रोल के सैंपल भी मांगे हैं। ये सैंपल तेल कंपनियों के पास उपलब्ध हैं।
इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम ने सैंपल देने से क्यों किया इनकार?
जैकब ने अपने पत्र में कहा कि एथेनॉल-मुक्त पेट्रोल के संदर्भ सैंपल इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन जैसी तेल कंपनियों के पास ही उपलब्ध हैं। शुरुआत में कंपनियों ने ये सैंपल देने पर सहमति जताई थी, लेकिन बाद में उन्होंने अपना फैसला बदल दिया और नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को सैंपल देने से इनकार कर दिया। राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कई बार कंपनियों से संपर्क किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद केरल सरकार ने केंद्र से हस्तक्षेप कर कंपनियों को सैंपल उपलब्ध कराने का निर्देश देने की मांग की है।
क्या पेट्रोल में तय सीमा से ज्यादा एथेनॉल मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई?
मंत्री अनूप जैकब ने स्पष्ट किया कि सरकार की इस जांच का मकसद तेल कंपनियों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना नहीं है। सरकार केवल यह पता लगाना चाहती है कि राज्य में बिक रहे पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा तय सीमा से ज्यादा तो नहीं है। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सभी जांच निर्धारित नियमों के तहत की जा रही हैं। फिलहाल सैंपल सरकारी रासायनिक प्रयोगशालाओं में भेजे गए हैं। इसके बाद इन्हें तीसरी यानी स्वतंत्र प्रयोगशालाओं में भी जांच के लिए भेजा जाएगा। जैकब ने कहा कि यदि जांच में एथेनॉल की मात्रा तय सीमा से ज्यादा पाई जाती है, तभी सरकार कानूनी कार्रवाई पर विचार करेगी।
कर्नाटक में 31.2 प्रतिशत एथेनॉल के दावे से क्यों बढ़ा विवाद?
केरल में जांच की शुरुआत इसी महीने उस समय हुई, जब कर्नाटक में पेट्रोल में तय सीमा से ज्यादा एथेनॉल होने के आरोप सामने आए। कर्नाटक सरकार ने दावा किया था कि कुछ पेट्रोल पंपों पर एथेनॉल की मात्रा 20 प्रतिशत की तय सीमा से बढ़कर 31.2 प्रतिशत तक पाई गई। इसके बाद राज्य सरकार ने तेल कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने इस आरोप को खारिज कर दिया था। कंपनियों का कहना था कि वे पूरे देश में ई20 पेट्रोल की आपूर्ति भारतीय मानक ब्यूरो के मानक आईएस 17021 के अनुसार करती हैं। उन्होंने अक्टूबर 2026 में कर्नाटक में किए गए सैंपल लेने के तरीके और जांच की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए थे। अब केरल सरकार भी इसी मुद्दे पर जांच कर रही है। ऐसे में एथेनॉल-मुक्त पेट्रोल के सैंपल को लेकर केंद्र का अगला कदम और प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट अहम होगी।