केरल के इडुक्की में पारिवारिक संपत्ति विवाद में एक 25 वर्षीय आदिवासी युवक की हत्या कर दी। आरोप है कि पहले उसकी लोहे की रॉड से जमकर पिटाई की गई। बाद में उसके मुंह में रॉड डाल दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि अस्पताल पहुंचने से पहले उसका काफी खून बह गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, संपत्ति को लेकर रमेश और उसके रिश्तेदार सुरेश के बीच शुक्रवार रात कहासुनी हो गई। दो पक्षों में शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। आरोप है कि शराब के नशे में सुरेश ने रमेश पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। उसे रॉड से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे आस-पास के लोगों ने उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके पर से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद वन क्षेत्र में देखा गया था। जहां जाल बिछाकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। रमेश आरोपी के घर पहुंचा था और यहां प्रॉपर्टी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पहले उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। बाद में उसके मुंह में लोहे की रॉड डालकर मार डाला।