केरल में आज स्थानीय निकाय चुनाव के लिए पहले दौर का मतदान जारी है। केरल के पांच जिलों तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पतानामथित्ता, अलापुजा और इडुक्की के कुल 395 स्थानीय निकाय के 6910 वार्ड में मतदान हो रहा है। वहीं, भाजपा नेता कुम्मनम राजशेखरन ने तिरुवनंतपुरम में मतदान किया। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम के वाझुथाकौद के एक मतदान केंद्र पर स्थानीय निकाय चुनावों के पहले चरण के लिए अपना वोट डाला।
केरल में स्थानीय निकाय चुनाव से कुछ ही दिन पहले राज्य चुनाव आयोग ने 1,850 मतदान केंद्रों को संवेदनशील की श्रेणी में रखा था। साथ ही इन सभी मतदान केंद्रों की चुनावी प्रक्रिया पर निगरानी के लिए वेब प्रसारण करने का निर्णय लिया था।