केरल में इन दिनों भारी बारिश का कहर छाया हुआ है। ज्यादातर जिले पानी से लबालब हैं। ऐसे में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने रविवार को घोषणा की है कि बाढ़ में जिन लोगों के पासपोर्ट क्षतिग्रस्त हुए हैं उनके पासपोर्ट को सरकार मुफ्त में बदलेगी।
स्वराज ने ट्वीट करते हुए लिखा, केरल में आई अभूतपूर्व बाढ़ की वजह से वहां भारी नुकसान हुआ है। हमने निर्णय लिया है कि जैसे ही स्थिति सामान्य हो जाएगी, बाढ़ की वजह से क्षतिग्रस्त हुए
पासपोर्ट को मुफ्त में बदला जाएगा। कृपया संबंधित पासपोर्ट केंद्र से संपर्क करें।
बता दें कि
गृह मंत्रालय ने रविवार को बताया था कि मानसून के इस मौसम में सात राज्यों में बाढ़ और बारिश से जुड़ी घटनाओं में अभी तक 774 लोगों की मौत हुई है। गृह मंत्रालय के नेशनल इमर्जेंसी रिस्पांस सेंटर (एनईआरसी) के मुताबिक बाढ़ और बारिश के कारण केरल में 187, उत्तर प्रदेश में 171, पश्चिम बंगाल में 170 और महाराष्ट्र में 139 लोगों की जान जा चुकी है।
आंकड़ों में कहा गया है कि गुजरात में 52, असम में 45 और नगालैंड में आठ लोगों की मौत हुई है। केरल में 22 और पश्चिम बंगाल में पांच लोग लापता भी हैं। राज्यों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 245 लोग जख्मी हुए हैं। केरल की बात करें तो हजारों लोग बेघर हो गए हैं। 14 में से 10 जिले बाढ़ की चपेट में हैं।