डीएमके ने केरल का किया समर्थन, कहा अनुकरण करे सरकार
केरल विधानसभा में नागरिकता संशोधन अधिनियम को खत्म करने के प्रस्ताव को तमिलनाडु की विपक्षी पार्टी डीएमके ने समर्थन किया है। डीएमके ने मंगलवार को सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक से कहा कि तमिलनाडु सरकार केरल का अनुकरण करे और संविधान की रक्षा के लिए विवादास्पद कानून के खिलाफ तमिलनाडु विधानमंडल में इसी तरह का कदम उठाए।
डीएमके अध्यक्ष एम के स्टालिन ने कहा कि केरल का कदम स्वागत योग्य है। डीएमके प्रमुख ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा, इस देश के लोगों की इच्छा है कि हर राज्य विधानसभा को संविधान की बुनियादी विशेषताओं की रक्षा के लिए ऐसा संकल्प अपनाना चाहिए।
स्टालिन ने मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी से छह जनवरी को जब सदन का नए साल में पहला सत्र शुरू होगा, तमिलनाडु विधानसभा में इसी तरह के प्रस्ताव लाने का आग्रह किया है।
बता दें कि अन्नाद्रमुक ने संसद में नागरिकता संशोधन अधिनियम का समर्थन किया है और मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी इसका समर्थन कर रहे हैं। साथ ही लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे सीएए के बारे में फैलाई जा रही अफवाहों पर विश्वास न करें।