केरल में स्थानीय निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए गुरुवार को मतदान शुरू हो गया है। इस चरण में सात जिलों में मतदान हो रहा है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे समाप्त होगा। दूसरे चरण में त्रिशूर, पलक्कड़, कोझिकोड, मलप्पुरम, कन्नूर, वायनाड और कासरगोड जिले में मतदान हो रहा है।
दूसरे चरण में 1.53 करोड़ से अधिक मतदाता 604 स्थानीय निकायों के 12,931 प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। इनमें ग्राम पंचायत, जिला पंचायत, नगरपालिका और नगर निगम शामिल हैं। कुल 38,994 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। दूसरे चरण के मतदान के लिए 18,274 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 2,055 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है।
ये भी पढ़ें:
चुनाव आयोग की बड़ी बैठक आज, 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR की समयसीमा बढ़ने के आसार; पढ़ें
पहले चरण में छह दिसंबर को सात जिलों में मतदान हुआ था। जिन जिलों में मतदान हुआ था, उनमें तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टयम, इडुक्की और एर्नाकुलम शामिल हैं। कुल मतदान प्रतिशत 70.90 रहा। सबसे अधिक मतदान एर्नाकुलम जिले में 73.96 फीसदी हुआ। वहीं सबस कम मतदान पथानमथिट्टा जिले में 66.35 फीसदी हुआ। चुनाव के नतीजे 13 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।
पहले दो घंटों में मतदान आठ फीसदी से अधिक मतदान दर्ज किया गया। सभी उम्र और पेशे के लोग सुबह से ही मतदान केंद्रों पर कतार में खड़े नजर आए, जिनमें राजनीतिक दलों के नेता भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पिनरई विजयन अपने परिवार के साथ कन्नूर में वोट डालने पहुंचे। वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में भरोसा जताया कि एलडीएफ ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि सबरीमाला मंदिर से सोने की चोरी का मुद्दा वाम मोर्चा के चुनावी नतीजों पर असर नहीं करेगा। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की और अगर सत्ता में कोई और पार्टी होती तो ऐसे कदम नहीं उठाए जाते।
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा कि विधायक राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ दूसरी यौन उत्पीड़न शिकायत के पीछे साजिश है। इस पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस में 'यौन अपराधियों का एक गिरोह' होने का इशारा किया। विजयन ने कहा कि ऐसे लोग अपने पीड़ितों को डराते हैं ताकि वे आगे न आएं।
कांग्रेस के मुख्य सहयोगी भारतीय यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता सादिक अली शिहाब थंगल, पी. के. कुन्हलिकुट्टी और एमके मुनीर स्थानीय निकाय चुनावों में यूडीएफ की बड़ी जीत के प्रति आश्वस्त दिखे। केपीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि सबरीमाला सोने का मामला एलडीएफ की चुनावी संभावनाओं को प्रभावित करेगा क्योंकि वे इस घोटाले में शामिल लोगों की रक्षा कर रहे हैं।
संबंधित वीडियो-