केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने स्थानीय निकाय चुनावों में एलडीएफ के प्रदर्शन को उम्मीदों से कम बताते हुए कहा है कि गठबंधन राज्यभर में अपेक्षित बढ़त हासिल नहीं कर सका। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी नतीजों की गहराई से समीक्षा की जाएगी और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि एलडीएफ को राज्य में मजबूत जनादेश की उम्मीद थी, लेकिन परिणाम उस स्तर तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने कहा इन नतीजों के कारणों की विस्तार से जांच की जाएगी और आवश्यक सुधारों के बाद हम आगे बढ़ेंगे।
तिरुवनंतपुरम में NDA की बढ़त चिंता का विषय
राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम का जिक्र करते हुए पिनराई विजयन ने कहा कि वहां एनडीए का बढ़त बनाना और चुनाव प्रचार के दौरान सांप्रदायिक प्रभाव का दिखना, धर्मनिरपेक्षता में विश्वास रखने वालों के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने आगाह किया कि चुनाव परिणाम यह संकेत देते हैं कि जनता को गलत सूचनाओं और विभाजनकारी राजनीति से बचाने के लिए अधिक सतर्कता की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर तरह की सांप्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष को और तेज करना समय की मांग है।
आत्ममंथन और आगे की राह
पिनराई विजयन ने कहा कि एलडीएफ आने वाले दिनों में विस्तृत चर्चा करेगा और जनता के सामूहिक समर्थन के साथ आगे बढ़ने के लिए जरूरी फैसले लेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि वाम मोर्चा सरकार विकास और जनकल्याण योजनाओं के जरिए अपना जनाधार और मजबूत करेगी। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि एलडीएफ पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनता का भरोसा जीतने और केरल के विकास की राह को आगे बढ़ाने के लिए काम करता रहेगा।
बीजेपी की ऐतिहासिक छलांग
तिरुवनंतपुरम नगर निगम की 101 वार्डों में भाजपा ने 50 सीटें जीतकर वाम मोर्चे के 45 साल के वर्चस्व को तोड़ दिया। एलडीएफ को 29, यूडीएफ को 19 सीटें मिलीं, जबकि दो वार्ड निर्दलीयों के खाते में गए। बहुमत से एक सीट दूर यह जीत 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी के लिए बड़े मनोबल के रूप में देखी जा रही है। इसके अलावा एनडीए ने पालक्काड़ नगरपालिका बरकरार रखी और त्रिपुनिथुरा नगरपालिका यूडीएफ से छीन ली। त्रिशूर क्षेत्र में भी बीजेपी की मौजूदगी और मजबूत हुई है।