केरल के कोझीकोड हवाई अड्डे से सीमा शुल्क विभाग की टीम ने अलग-अलग चार लोगों से करीब 2 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया है। आरोपियों के पास से विभाग की टीम ने करीब 3.5 किलोग्राम सोना जब्त किया है।
अधिकारियों ने कहा कि जेद्दा से आए मलप्पुरम के रहने वाले रहमान (43) के पास से 1,107 ग्राम वजन के सोने के मिश्रण वाले चार कैप्सूल बरामद किए है। इसके अलावा मलप्पुरम करुलई निवासी मुहम्मद उवैसिल (30) को चेकिंग के लिए रोका गया था। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने उसके शरीर के अंदर से सोने से भरे चार कैप्सूल बरामद किए। तीसरे आरोपी से सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने 1,061 ग्राम वजन के सोने से भरे चार कैप्सूल जब्त किए। तस्कर ने मोजे के अंदर सोना छुपाया हुआ था। तस्कर की पहचान अधिकारियों ने कुदरंजी निवासी उनिचल मेथल विजिथ (29) के रूप में की है। वह एयर अरेबिया की उड़ान से केरल पहुंचा था।
एक अन्य मामले में विभागीय टीम ने स्पाइस जेट की फ्लाइट से दुबई से आए मलप्पुरम निवासी ओसानकुनाथ शफीक (27) के पास से 901 ग्राम सोना जब्त किया है। अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों के पास से सोना जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।