केरल विधानसभा में राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया गया
- फोटो : ANI
केरल विधानसभा में कांग्रेस विधायकों ने राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। विधानसभा अध्यक्ष की तरफ से कांग्रेस विधायक वीडी सतीशन द्वारा पेश किए गए अविश्ववास प्रस्ताव पर चर्चा की मंजूरी भी दे दी गई है। वहीं, विपक्ष के नेता रमेश चेन्निथला का कहना है कि विधानसभा अध्यक्ष को सदन की अध्यक्षता नहीं करनी चाहिए, क्योंकि उन्हें हटाने का प्रस्ताव भी दिया गया है।
कांग्रेस नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश चेन्निथलाा ने कहा, विधानसभा अध्यक्ष को सदन की अध्यक्षता नहीं करनी चाहिए क्योंकि विपक्ष ने सोने की तस्करी के आरोपियों के साथ उनके कथित संबंधों का हवाला देते हुए उन्हें पद से हटाने का प्रस्ताव दिया है। दूसरी तरफ, विधानसभा अध्यक्ष का कहना है कि नियमों के अनुसार यह नोटिस 14 दिन पहले दिया जाना चाहिए था, इसलिए इसकी अनुमति नहीं दी जा सकती है।
गौरतलब है कि चेन्निथला ने कहा था कि हम सोमवार को विधानसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे। उन्होंने कहा था कि कोरोना संकट और पिछले चार वर्षों के दौरान राज्य में फैले भ्रष्टाचार को लेकर हम सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे। हम मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के इस्तीफे की मांग करते हैं।
कांग्रेस के अंदर ही हो रही है अविश्वास पर चर्चा
कांग्रेस नेता द्वारा सदन में अविश्वास प्रस्ताव लाने के बाद केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने कहा, लोगों को यूडीएफ पर भरोसा नहीं है। कांग्रेस में, एआईसीसी (अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी) में एक और अविश्वास पर चर्चा हो रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एक-दूसरे पर भाजपा के एजेंट होने का आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस इतना नीचे गिर गई है कि वे एक नेता का चुनाव भी नहीं कर सकते।