फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केरल: 'घर' और 'तकनीक' सीएम विजयन के हवाले, जानें किस मंत्री को मिला कौन-सा विभाग?

Fri, 21 May 2021 05:39 PM IST
कुमार संभव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तिरुवनंतपुरम

सार

गौरतलब है कि माकपा नीत 21 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने गुरुवार शाम ‘सेंट्रल स्टेडियम’ में पद की शपथ ली। कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण समारोह साधारण रखा गया। विजयन के अलावा माकपा के सभी 11 मंत्री मंत्रालय में नए चेहरे हैं।
विज्ञापन
केरल के सीएम पिनराई विजयन (फाइल फोटो) - फोटो : Facebook
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन राज्य में एलडीएफ की लगातार दूसरी बार बनी सरकार में गृह समेत कई महत्त्वपूर्ण विभाग अपने पास रखेंगे। वहीं, उनके दामाद पीए मोहम्मद रियास लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और वीना जॉर्ज स्वास्थ्य विभाग संभालेंगी। बता दें कि रियास और जॉर्ज दोनों पहली बार मंत्री पद संभालेंगे।

विज्ञापन


पूर्व पत्रकार एवं अरनमुला से विधायक बनीं जॉर्ज लोकप्रिय केके शैलजा की जगह लेंगी। गौरतलब है कि शैलजा ने कोविड-19 के खिलाफ राज्य की जंग में प्रमुख भूमिका निभाई थी। उन्हें नए मंत्रिमंडल में जगह न देने पर विवाद भी हुआ था। बता दें कि विजयन गृह, निगरानी और आईटी समेत कई अन्य विभाग संभालेंगे। वहीं, उनके विश्वासपात्र एवं पहली बार विधायक बने केएन बालगोपाल वित्त विभाग संभालेंगे। वह हाई-प्रोफाइल टीएम थॉमस इसाक की जगह लेंगे।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अलावा जॉर्ज को महिला एवं बाल कल्याण विभाग का जिम्मा भी सौंपा गया है। गुरुवार (20 मई) को दूसरी बार मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद, विजयन ने संबंधित मंत्रियों के विभागों की सूची राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को सौंपी थी। इस संबंध में सरकारी आदेश देर रात जारी किया गया। वहीं, मीडिया के लिए यह आदेश शुक्रवार को जारी हुआ। 
विज्ञापन


गौरतलब है कि माकपा नीत 21 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने गुरुवार शाम ‘सेंट्रल स्टेडियम’ में पद की शपथ ली। कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण समारोह साधारण रखा गया। विजयन के अलावा माकपा के सभी 11 मंत्री मंत्रालय में नए चेहरे हैं। यह लगभग निश्चित था कि राज्यसभा के पूर्व सदस्य एवं माकपा राज्य समिति के सदस्य बालागोपाल को महत्त्वपूर्ण वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। माना जा रहा है कि नकदी संकट से जूझ रहे केरल के राजकोष में वह नई जान फूंकेंगे। बालागोपाल के पास प्रख्यात अर्थशास्त्री इसाक के मूल विचार केरल अवसंरचना निवेश बोर्ड (केआईआईएफबी) के तहत राज्य के विकास कार्यक्रमों को जारी रखने की जिम्मेदारी भी है।

राज्य विधानसभा में नए-नए शामिल हुए रियास को अहम लोक निर्माण एवं पर्यटन विभाग आवंटित किया है, जो पूर्व कैबिनेट में क्रमश: वरिष्ठ नेताओं जी सुधाकरण और कडकमपल्ली सुरेंद्रन के पास थे। राज्यसभा के पूर्व सदस्य पी राजीव को कानून एवं उद्योग विभाग सौंपा गया है। वहीं, वी सिवनकुट्टी को सामान्य शिक्षा एवं श्रम विभाग सौंपा गया है। कन्नूर के दिग्गज विधायक एमवी गोविंदन को स्थानीय स्वशासन और उत्पाद शुल्क विभाग का प्रभार दिया गया है। विजयन के बाद मार्क्सवादी पार्टी के एकमात्र केंद्रीय समिति के सदस्य गोविंदन तीसरी बार विधायक निर्वाचित हुए हैं।

एक महत्त्वपूर्ण कदम उठाते हुए नए मंत्रिमंडल के दलित चेहरे पांचवी बार के विधायक एवं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष के. राधाकृष्णन को मंदिर मामलों के प्रशासन एवं प्रबंधन, देवस्वओम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वीना जॉर्ज के अलावा दो अन्य महिला विधायकों को भी विजयन कैबिनेट में जगह मिली है। हाल के वर्षों में यह संख्या सबसे अधिक है। माकपा के कार्यवाहक राज्य सचिव ए विजयराघवन की पत्नी आर बिंदू उच्च शिक्षा और सामाजिक न्याय विभाग संभालेंगी, जबकि भाकपा की पहली महिला मंत्री जे चिनचुरानी को पशुपालन एवं डेयरी विभाग का जिम्मा दिया गया है।

इनके अलावा के राजन (राजस्व), जीआर अनिल (खाजद्य एवं नागरिक आपूर्ति), रोशी ऑगस्टिन (सिंचाई), साजी चेरियान (मत्स्य एवं सांस्कृतिक मामला), वी एन वसावन (सहकारी एवं पंजीकरण), वी अब्दुरहमान (खेल), पी प्रसाद (कृषि), के कृष्णकुट्टी (बिजली), एके शशिंद्रन (जंगल), एंटनी राजू (परिवहन) और अहम्मेद देवरकोविल (बंदरगाह, संग्राहलय एवं पुरालेख) विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें