कोविड महामारी की दूसरी लहर के बीच केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कोविड जनित आर्थिक मंदी से उबरने के लिए 100-डेज कार्य योजना की घोषणा की है। यह योजना 11 जून से 19 सितंबर के बीच लागू होगी। सौ दिनी योजना के तहत मुख्यमंत्री पिन्नाराई ने कृषि उत्पादन बढ़ाने, स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे सुधारने के साथ 77,350 नौकरियां देने का वादा किया है।
विजयन ने यहां संवाददाताओं से रू-ब-रू होते हुए कहा कि इसका उद्देश्य विज्ञान, प्रौद्योगिकी और कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था के निर्माण को सक्षम बनाना है।
बकौल विजयन, ‘कोविड -19 के प्रभाव को दूर करने के लिए पिछले साल दो चरणों में लागू किए गए 100-दिवसीय कार्यक्रम में आर्थिक प्रोत्साहन और रोजगार सृजन योजनाओं को शामिल किया गया था। अब जब महामारी की दूसरी लहर जोरों पर है, हमें आर्थिक विकास में तेजी लाने के लिए निर्माण गतिविधियों और रोजगार सृजन की जरूरत है। स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा की उपलब्धियों को आगे बढ़ाने के लिए नीतियों और योजनाओं पर जोर दिया जाएगा।’
उन्होंने कहा कि 100-दिवसीय कार्य योजना में लोक निर्माण विभाग, पुनर्निर्माण केरल पहल और केआईआईएफबी के माध्यम से 2,464.92 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं। के-डीआईएससी राज्य में 20 लाख शिक्षित लोगों को रोजगार प्रदान करने की एक महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा कर रहा है।
सभी स्थानीय सरकारें 1,000 लोगों में से पांच लोगों के लिए रोजगार सृजित करने के लिए एक मसौदा योजना तैयार करेंगी। विभिन्न विभागों के तहत 100 दिनों में लगभग 77,350 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि केरल के पुनर्निर्माण पहल (आरकेआई) के लिए विश्व बैंक, जर्मन बैंक केएफडब्ल्यू और एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (एआईआईबी) जैसे अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों से 5,898 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए हैं।
राज्य के सौ दिनी लक्ष्य व लाइफ मिशन
- 945.35 करोड़ रुपये की नौ सड़क परियोजनाएं शुरू की जाएंगी
- 200.10 करोड़ रुपये की सड़क-पुल परियोजनाओं का उद्घाटन
- 25,000 हेक्टेयर में जैविक खेती शुरू की जाएगी
- ओणम के लिए सब्जियों की बीजों का वितरण
- 100 अर्बन स्ट्रीट मार्केट खोले जाएंगे
- 25 लाख फल और सब्जी के पौधे बांटे जाएंगे
- 150 किसान उत्पादक संघों की स्थापना की जाएगी
- 12,000 भूमि स्वामित्व विलेख वितरित
- 200 ग्राम पंचायतों में निलव परियोजना शुरू, 10,000 घरों का निर्माण
- विद्याश्री योजना के तहत 50,000 लैपटॉप वितरित किए जाएंगे
- सेवाओं की पहुंच के लिए कई आईटी पहल शुरू की जाएंगी