केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने अपनी सरकार की दूसरी वर्षगांठ के लिए 100 दिन के एक्शन प्लान का एलान किया है। बता दें कि इस एक्शन प्लान के तहत राज्य में 15 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य किए जाने हैं। बता दें कि मई महीने में केरल सरकार की दूसरी वर्षगांठ है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बताया कि उनकी सरकार का उद्देश्य है कि चुनावी घोषणा पत्र में किए गए 900 वादों को लागू किया जाए, जिससे राज्य का प्रदेश व्यापी विकास हो सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हमारी कोशिश है कि हम राज्य में आधुनिक नौकरी के मौके पैदा करे, जैसा कि भविष्य की पीढ़ी चाहती है। इसके लिए कदम उठाए गए हैं, जो कि केरल को नॉलेज इकॉनोमी और अविष्कारक समाज में बदल देंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार शुक्रवार से 100 दिन के कार्यक्रम के तहत 15896 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट लागू कर देगी। राज्य सरकार को उम्मीद है कि इन विकास कार्यों से राज्य में करीब 4 लाख 33 हजार नौकरियों के अवसर पैदा होंगे। सीएम ने कहा कि 100 दिनों के अंदर सरकार के महत्वकांक्षी लाइफ प्रोजेक्ट के तहत 20 हजार घर तैयार किए जाएंगे।