केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी का कहना है कि शहरों को वांछित सामाजिक आर्थिक विकास के लिए पारंपरिक प्लानिंग मॉडल पर फिर से विचार करने की जरूरत है। गुरुवार को जी20 के तहत अर्बन20 सिटी शेरपा मीट के उद्घाटन सेशन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने उक्त बात कही। उन्होंने कहा कि व्यापक बुनियादी ढांचे के विकास के लिए गहन चर्चा और भारी निवेश की जरूरत होगी।
तेजी से बढ़ते शहरीकरण को लेकर उन्होंने कहा कि यह बेहद जरूरी है कि हमे बेहतर योजना, नीतियों और प्रशासन के जरिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत है। बता दें कि अर्बन20 सिटी शेरपा मीट का उद्देश्य जी20 देशों के शहरों के बीच एकजुटता कायम करना है। भारत की अध्यक्षता में हो रहे जी20 कार्यक्रमों में यह तीसरा कार्यक्रम है, जो गुजरात में हो रहा है।
हरदीप पुरी ने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम के तहत एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य की थीम के तहत इस साल का जी20 शिखर सम्मेलन बेहद अहम होगा, जिसमें पारस्परिक लाभ और स्थायी अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग की रूपरेखा तैयार होगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2014 के बाद भारत में हुआ शहरी विकास, दुनिया के अन्य देशों के लिए एक सीख है, खासकर दक्षिणी देशों के लिए। उन्होंने कहा कि अर्बन20 का आयोजन सीखने के लिहाज से शानदार अवसर है। दो दिवसीय बैठक में जलवायु परिवर्तन, सामाजिक समावेश, किफायती घर आदि विषयों पर चर्चा होगी। इस बैठक की प्राथमिकता पर्यावरण, जल सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन, शहरी योजनागत विकास और प्रशासन और शहरी सेवाओं का डिजिटलीकरण है।
रोजगार सृजन, गरीबी उन्मूलन का साधन होना चाहिए शहरीकरण : अमिताभ कांत
भारत के जी20 शेरपा अमिताभ कांत ने अहमदाबाद में ‘अर्बन20 सिटी शेरपास’ बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहरों को साइकिल चलाने, पैदल चलने के अनुरूप बनाया जाना चाहिए, न कि कारों के अनुरूप। उन्होंने आगे कहा कि एक अच्छा शहर एक अच्छे राष्ट्र के लिए आवश्यक हैं ।
उन्होंने कहा कि शहरीकरण बदलाव का इकलौता सबसे बड़ा साधन होगा और यह दुनियाभर के लिए एक बदलाव होगा। शहरों के बीच एकजुटता को बढ़ावा देने के मकसद से ‘अर्बन20 सिटी शेरपास’ बैठक की शुरुआत गुरुवार को हुई है। बैठक में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कांत ने कहा कि भारत में जी20 शिखर सम्मेलन ऐसे वक्त में हो रहा है जब दुनिया यूरोप में बड़े भूराजनीतिक, आर्थिक, जलवायु परिवर्तन और कोविड-19 के बाद की चुनौतियों समेत कई चुनौतियों का सामना कर रही है।
देश के जी20 शेरपा ने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि प्रत्येक संकट एक अवसर है और विश्वभर के नेतृत्व को इन संकटों का इस्तेमाल आर्थिक वृद्धि तथा वैश्विक अर्थव्यवस्था में समावेशी, लचीली और सतत वृद्धि लाने में करना चाहिए।
भुज मेमोरियल का दौरा करेगा जी20 प्रतिनिधिमंडल
जी20 ग्रुप का एक प्रतिनिधिमंडल, जिनमें तीन सदस्य तुर्किये के भी शामिल है, फिलहाल गुजरात के रण ऑफ कच्छ में मौजूद हैं और शुक्रवार को यह प्रतिनिधिमंडल भुज मेमोरियल का दौरा करेगा। बता दें कि साल 2001 में भुज में आए विनाशकारी भूकंप की याद में भुज मेमोरियल का निर्माण किया गया था। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब तुर्किए और सीरिया में आए 7.8 मैग्नीट्यूट के भूकंप से हुए विनाश से करीब 20 हजार लोगों की जान जा चुकी है और हजारों इमारतें ध्वस्त हो गई हैं। गुजरात के रण ऑफ कच्छ में टूरिज्म वर्किंग ग्रुप की पहली बैठक हो रही है जो 7 फरवरी से 9 फरवरी तक चली। जी20 इवेंट के तहत यह दौरा पहले से ही कार्यक्रम का हिस्सा था। कार्यक्रम शुरू होने से पहले तुर्किये में मारे गए लोगों की याद में कुछ देर का मौन रखा गया।