फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केरल: ट्रेन में आग लगने की घटना की जांच के लिए SIT का होगा गठन, आरोपी का स्केच जारी

Mon, 03 Apr 2023 03:44 PM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तिरुवनंतपुरम

सार

मुख्यमंत्री विजयन ने कहा कि राज्य सरकार रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाएगी और रेल मंत्रालय से यात्री सुरक्षा के मामले में हर संभव कदम उठाने का अनुरोध किया जाएगा।
विज्ञापन
एसआईटी करेगी ट्रेन में आग लगने की घटना की जांच - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोमवार को कहा कि राज्य के कोझिकोड जिले में एक ट्रेन में आग लगने की घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जाएगा। रविवार रात अलप्पुझा-कन्नूर एक्सीक्यूटिव एक्सप्रेस के एक डिब्बे के अंदर लोगों को आग लगाने वाले आरोपी व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है और इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

विज्ञापन

 

हालांकि, पुलिस को संदेह है कि आरोपी एक उत्तर भारतीय है और यह घटना पूर्व नियोजित थी क्योंकि वह अपने बैग में एक बोतल में पेट्रोल ले जा रहा था। रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि उनके अलावा कुछ अन्य एजेंसियां भी इस मामले को देख रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इसका कोई आतंकवादी घटना से संबंध है।

यात्री के बयान के आधार पर पुलिस ने जारी किया आरोपी का स्केच
उन्होंने कहा, फिलहाल कोई अन्य ब्योरा साझा नहीं किया जा सकता। जांच जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि एक यात्री के बयान के आधार पर आरोपी का स्केच जारी किया गया है। मुख्यमंत्री विजयन ने एक बयान में कहा कि पुलिस को घटना की गहन जांच करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस हमलावर को पकड़ने की कोशिश कर रही है और जांच की निगरानी राज्य पुलिस प्रमुख अनिल कांत कर रहे हैं।
 

सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाएगी सरकार : पिनरई विजयन
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाएगी और रेल मंत्रालय से यात्री सुरक्षा के मामले में हर संभव कदम उठाने का अनुरोध किया जाएगा। विजयन ने तीन लोगों (एक महिला, उसकी नवजात भतीजी और एक पुरुष) की मौत पर भी शोक व्यक्त किया, जिनके बारे में माना जाता है कि वे आग देखकर ट्रेन से गिर गए थे या नीचे उतरने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौत और यात्रियों के झुलसने की खबर स्तब्ध करने वाली है। इस घटना में नौ यात्री झुलस गए और उन्हें कोझिकोड के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें: केरल में चलती ट्रेन में व्यक्ति ने सहयात्री पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, मां-बेटी समेत तीन की मौत, 8 घायल

रेलवे स्टेशन के पास पटरियों से बरामद किए गए शव, मामला दर्ज
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। ट्रेन में आग लगने के बाद से लापता हुई एक महिला, एक शिशु और एक पुरुष के शव रविवार देर रात यहां इलाथुर रेलवे स्टेशन के पास पटरियों से बरामद किए गए। पुलिस का मानना है कि वे आग देखकर ट्रेन से गिर गए या नीचे उतरने का प्रयास किया। पुलिस ने पहले कहा था, एक फोरेंसिक टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। इसमें यह भी कहा गया है कि पटरियों से एक बैग बरामद किया गया है जिसे आरोपी का माना जा रहा है और उसमें पेट्रोल की एक बोतल थी। इसके अलावा, बैग में कोई अन्य सुराग नहीं था। इसे आतंकी कृत्य नहीं माना जा रहा है। इस बारे में फिलहाल कोई सूचना या लिंक नहीं है।
 

आरोपी का किसी के साथ नहीं हुआ कोई विवाद: यात्री
यह घटना रविवार रात करीब पौने नौ बजे हुई जब ट्रेन कोझिकोड शहर को पार करने के बाद यहां कोरापुझा रेलवे पुल पर पहुंची। शुरुआत में यह माना जा रहा था कि यह घटना आरोपी और एक अन्य यात्री के बीच झगड़े का नतीजा है। इसके बाद पुलिस और डिब्बे में मौजूद एक यात्री ने कहा कि आरोपी का किसी के साथ कोई विवाद नहीं हुआ था। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने यात्रियों पर एक ज्वलनशील पदार्थ डाला और उन्हें आग लगा दी जिससे नौ लोग झुलस गए।

व्यक्ति अचानक बिना कुछ कहे आया, यात्रियों पर छिड़का पेट्रोल
रेलवे पुलिस अधिकारी ने कहा, 'किसी भी यात्री ने यह नहीं कहा कि आरोपी के साथ उनकी बहस हुई थी।' मामूली रूप से झुलसे एक घायल यात्री ने एक टीवी चैनल को बताया कि वह व्यक्ति अचानक बिना कुछ कहे आया और उसने कई लोगों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। यह बहुत अप्रत्याशित था। डिब्बे में बहुत कम लोग थे। जब उसने लोगों को आग लगाई तो हर कोई घबरा गया और भागने लगा।
 
विज्ञापन

'सीसीटीवी की मदद से आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही पुलिस'
बंदरगाह राज्य मंत्री और कोझिकोड दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से विधायक अहमद देवरकोविल ने पत्रकारों से कहा कि यह घटना दुखद और चौंकाने वाली है। उन्होंने बताया कि पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हमलावर की उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है। मंत्री ने कहा, पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही है। राज्य विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नीथला ने कहा कि ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत है और अब से ट्रेन में सवार होने की अनुमति देने से पहले सभी की जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, अगर लोग ट्रेनों में सुरक्षित यात्रा नहीं कर सकते तो यह दुर्भाग्यपूर्ण होगा। यह एक अभूतपूर्व घटना है। राज्य और केंद्र सरकार को इस मुद्दे को गंभीरता से लेना चाहिए।

घटना को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, यह बहुत दुर्भाग्यपुर्ण घटना है। मैंने केरल के मुख्यमंत्री से बात की है, वे इसे लेकर एसआईटी का गठन करने वाले हैं जिसमें जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस शामिल होगी। आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा। वहीं, केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने घटना को लेकर कहा, 'तीन लोगों की जान चली गई। यह हृदय विदारक है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। सुरक्षा कर्मियों को इस पर ध्यान देना होगा।' 


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें