केरल के थोडनूर में केएसयू नेता बिथुल बालन के घर पर अज्ञात नकाबपोशों ने देसी बम से हमला किया। बालन स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्हें चोट पहुंचाने के आरोप में जेल में हैं। कांग्रेस ने इस हमले के लिए सत्ताधारी दल सीपीआई(एम) को जिम्मेदार ठहराया है और मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है।
केरल के थोडनूर में शुक्रवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने कांग्रेस के छात्र संगठन केएसयू के जिला सचिव बिथुल बालन के घर पर विस्फोटक फेंका। पुलिस के अनुसार, यह हमला सुबह करीब 2:45 बजे हुआ। दो नकाबपोश हमलावर घर के बाहर पहुंचे और विस्फोटक फेंककर फरार हो गए। इस हमले से हुए धमाके में घर की खिड़कियों के शीशों और सनशेड को नुकसान पहुंचा है। घटना के समय बालन के माता-पिता घर के अंदर ही मौजूद थे।
विज्ञापन
क्या है मामला?
बिथुल बालन फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। उन पर आरोप है कि कन्नूर रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने मंत्री को घायल किया था। राज्य में चिकित्सा लापरवाही की बढ़ती घटनाओं को लेकर केएसयू कार्यकर्ता विरोध कर रहे थे। पुलिस ने इस बम हमले के मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा तीन (जान या संपत्ति को खतरे में डालने वाला धमाका करना) और धारा 5 (विस्फोटक बनाना या रखना) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को शक है कि हमले में देसी बम का इस्तेमाल किया गया है।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
इस घटना के बाद कांग्रेस और यूडीएफ के नेताओं ने बालन के घर का दौरा किया। कांग्रेस सांसद शफी परम्बिल ने इस हमले के लिए सीधे तौर पर सीपीआई(एम) को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने मांग की कि स्वास्थ्य मंत्री के घायल होने की खबर पर हिंसा भड़काने के आरोप में सीपीआई(एम) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए। परम्बिल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और गोविंदन ने राज्य में हिंसा का माहौल पैदा किया है, जिसके कारण एक छात्र नेता के घर को निशाना बनाया गया।
सांसद ने वीडियो फुटेज और सीसीटीवी विजुअल्स का हवाला देते हुए दावा किया कि प्रदर्शनकारियों की परछाई भी स्वास्थ्य मंत्री को नहीं छू पाई थी। उन्होंने कहा कि एक लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन करने वाले युवक के खिलाफ झूठा प्रचार किया गया, जिसके कारण उसके घर पर बम फेंका गया। परम्बिल ने स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज से सवाल किया कि वह बालन की मां को क्या जवाब देंगी, जिनके कमरे के पास यह धमाका हुआ।
कांग्रेस नेता ने लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कोझिकोड में सीपीआई(एम) और डीवाईएफआई के नेताओं ने सोशल मीडिया पर बालन के लिए पहले ही शोक संदेश पोस्ट कर दिए थे। बालन को धमकी दी गई थी कि जेल से बाहर आने पर उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज को कन्नूर के मेडिकल कॉलेज से छुट्टी दे दी गई है। उन्हें गर्दन और हाथ में दर्द की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था। इस पूरी घटना के बाद केरल के कई हिस्सों में हिंसा की खबरें सामने आई हैं।