भड़काऊ भाषण देने के मामले में जेल भेजे गए कांग्रेस के पूर्व विधायक पीसी जॉर्ज के बचाव में भाजपा के आगे आने पर केरल के सीएम पिनराई विजयन ने पलटवार किया है। सीएम विजयन ने भाजपा व संघ परिवार को घेरते हुए कहा कि 2021 देशभर में ईसाईयों पर 486 हमले किए गए।
विजयन ने राज्य की त्रिक्काकारा सीट के उपचुनाव को लेकर आयोजित सत्तारूढ़ एलडीएफ के सम्मेलन में कहा कि ग्राहम स्टेंस और उनके दो बेटों को कोई कैसे भूल सकता है, जिन्हें जिंदा जला दिया गया था। जनपक्षम के नेता पीसी जॉर्ज पर निशाना साधते हुए विजयन ने कहा कि ईसाईयों की रक्षा करने की आड़ में भाजपा सांप्रदायिक जहर उगलने वालों का समर्थन कर रही है। जॉर्ज को हाल ही में भड़काऊ भाषण देने के मामले में गुरुवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
विजयन ने आरोप लगाया कि 2021 में संघ परिवार ने ईसाईयों के खिलाफ 486 हमले कराए थे। इसके अलावा उन्होंने 1998 में गुजरात के चर्चों के कथित हमलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2008 में ओडिशा में व्यापक हिंसा हुई थी। इस हिंसा में में 38 ईसाईयों की जान गई थी। सीएम विजयन ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले और बाद में चर्चों पर हुए हमलों और 2015 में दिल्ली में ईसाइयों के खिलाफ अपराधों का भी जिक्र किया। उन्होंने पिछले साल मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक और तेलंगाना में हुए हमलों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने मुस्लिमों के खिलाफ अपराधों का भी जिक्र किया।