देश में लॉकडाउन 4.0 लागू है। सरकार द्वारा जारी किए गए नए दिशानिर्देशों में बैंकों को खोलने की अनुमति दी गई है। लेकिन, केरल में द्वीपों पर रहने वाले लोगों को मुख्य भूमि पर स्थित बैंको की शाखाओं तक पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस समस्या के समाधान के लिए बैंक शाखाओं ने केरल के अलपुझ्झा के द्वीपों पर पहुंचने के लिए कियोस्क (एक प्रकार की नाव) की व्यवस्था की है। मावेलिकारा के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एक अधिकारी ने बताया कि परिवहन सुविधा की कमी के चलते मुख्य भूमि पर स्थित बैंकों तक पहुंचने के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए हम इन ग्रामीण क्षेत्रों में खुद ही पहुंच रहे हैं।
पुरक्कड़ के नालुचिरा द्वीप की रहने वाली एक निवासी टेरेसा ने बताया कि पुरक्कड़ स्थित बैंक तक पहुंचने के लिए पहले हमें नाव से यात्रा करनी पड़ती थी, फिर एक ऑटोरिक्शा लेना पड़ता था, तब जाकर हम बैंक पहुंचते थे। उन्होंने कहा कि लेकिन अब बैंक के अधिकारियों द्वारा यहां तक आ जाने से काफी लाभ मिल रहा है।
बता दें कि, कोरोना वायरस से निपटने के लिए करीब दो महीने से देशभर में लॉकडाउन लागू है, लेकिन संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 5609 नए मामले सामने आए हैं और 132 लोगों की मौत हुई है।
इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 1,12,359 हो गई है। जिसमें से 63,624 सक्रिय मामले हैं, 45,300 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 3,435 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।