केरल में कांग्रेस नीत विपक्षी यूडीएफ ने सबरीमाला मंदिर मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए शुक्रवार को विधानसभा की कार्यवाही बाधित की, जिसके चलते सदन में कामकाज समय से पहले स्थगित करना पड़ गया। यूडीएफ के सदस्यों ने सदन में काले बैनर लेकर प्रवेश किया और सबरीमला से पुलिस पाबंदी हटाने की मांग की।
सदन की कार्यवाही आज सुबह नौ बजे शुरू हुई और सिर्फ 18 मिनट तक चली। विधानसभा अध्यक्ष पी श्रीरामकृष्णन ने विपक्ष के प्रदर्शन के चलते सदन की कार्यवाही स्थगित करने का फैसला किया। विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदर्शनकारी विधायकों से कहा कि यह विषय सदन में पहले ही उठाया जा चुका है और मुख्यमंत्री ने जवाब भी दिया था।
विपक्षी नेता रमेश चेन्नीतला ने बृहस्पतिवार को सदन को बताया था कि यूडीएफ के तीन विधायक सबरीमला मुद्दे को लेकर विधानसभा परिसर में धरने पर बैठे हुए हैं और उनकी पार्टी स्पीकर के कक्ष में समझौता वार्ता करने के लिए तैयार है। चेन्नीतला ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि सरकार मुद्दे का हल नहीं करना चाहती है।’’
गौरतलब है कि सबरीमला और उसके आसपास से निषेधाज्ञा आदेश हटाने की मांग करते हुए यूडीएफ के तीन विधायक - कांग्रेस के वीएस शिवकुमार, आईयूएमएल के परक्कल अब्दुल्ला और केरल कांग्रेस (एम) के एन. जयराज - विधानसभा हॉल के बाहर तीन दिसंबर से अनिश्चितकालीन सत्याग्रह पर बैठे हुए हैं। इस बीच, केरल उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि पुलिस पाबंदी और निषेधाज्ञा आदेश से श्रद्धालुओं को कोई समस्या नहीं हो रही है।